Rishabh Pant vs MS Dhoni in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी एक नए सफर की शुरुआत करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने IPL सफर की शुरुआत करने वाले पंत अब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम का हिस्सा हैं। LSG ने पंत को अपना कप्तान भी बनाया है और उनका लक्ष्य होगा कि वह इस टीम को पहली बार चैंपियन बना सकें। जब भी सबसे सफल भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की बात होती है तो महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर होता है। पिछले कुछ सालों में पंत को धोनी का सबसे अच्छा विकल्प माना जाता रहा है। धोनी अब तक IPL में 264 मैच खेल चुके हैं और पांच बार अपनी टीम को चैंपियन भी बना चुके हैं। हालांकि पंत ने अब तक केवल 111 IPL मैच ही खेले हैं। इसी क्रम में आइए जानते हैं कि 111 मैचों के बाद महेंद्र सिंह धोनी और पंत की तुलना में कौन आगे है।
111 मैचों के बाद ऋषभ पंत और एमएस धोनी में से किसने बनाए सबसे ज्यादा रन?
111 मैचों के बाद धोनी ने केवल 98 पारियों में बल्लेबाजी की थी और उनके बल्ले से 2573 निकले थे। इस दौरान धोनी ने 14 अर्धशतक लगाए थे। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि धोनी ने इन सभी पारियों में अधिकतर पांच या छह नंबर पर ही बल्लेबाजी की थी। उन्होंने अपनी टीम के लिए अधिकतर मैचों में फिनिशर की भूमिका निभाई थी। पंत ने अब तक 110 पारियों में बल्लेबाजी की है और 3284 रन बना चुके हैं। पंत के बल्ले से 18 अर्धशतकों के साथ ही एक शतक भी निकल चुका है। हालांकि पंत ने धोनी के मुकाबले थोड़ा ऊपर बल्लेबाजी की है।
111 मैचों के बाद ऋषभ पंत और एमएस धोनी में कौन बेहतर विकेटकीपर?
विकेट के पीछे पंत ने धोनी को पीछे छोड़ रखा है। धोनी ने जहां पहले 111 मैचों के बाद विकेट के पीछे 66 शिकार किए थे तो वहीं पंत अब तक 95 शिकार कर चुके हैं। धोनी ने 47 कैच के अलावा 19 स्टंपिंग की थी तो वहीं पंत अब तक 72 कैच के साथ 23 स्टंपिंग भी कर चुके हैं।
पहले 111 मैचों में धोनी ने 40.20 की औसत से रन बनाए तो वही पंत का औसत 35.31 का है। धोनी की स्ट्राइक रेट 142.31 की रही थी तो वही पंत का स्ट्राइक रेट लगभग 149 का है। अगर जीते हुए मैचों की बात करें तो धोनी की औसत लगभग 49 और पंत की औसत लगभग 39 की रही है।