रोहित शर्मा ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो...मुंबई इंडियंस टीम को लेकर आया बड़ा बयान

2019 IPL Final - Mumbai v Chennai
2019 IPL Final - Mumbai v Chennai

आईपीएल 2024 (IPL) के आगाज से पहले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को लेकर मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा को इस सीजन के दौरान बल्ले से रन बनाना ही होगा, क्योंकि एक बल्लेबाज के तौर पर मुंबई इंडियंस को उनकी काफी जरुरत है।

रोहित शर्मा ने 11 सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी की और 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। उन्हें 2013 में मिड-सीजन के दौरान टीम का कप्तान बनाया गया था और इसके बाद से रोहित शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पिछले 11 सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यही वजह है कि सीएसके के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम है।

हालांकि अब रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। हार्दिक इससे पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान थे लेकिन इस सीजन से उन्होंने मुंबई में वापसी की है।

रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस के लिए रन बनाना होगा - हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान रोहित शर्मा को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,

रोहित शर्मा काफी निस्वार्थी क्रिकेटर हैं। वो खुद से पहले टीम को आगे रखते हैं। टीम इंडिया को कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर रोहित शर्मा की जरुरत है कि वो आगे बढ़कर टीम की अगुवाई करें। इसके अलावा रोहित शर्मा को बल्लेबाज के तौर पर आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए भी बेहतर करना होगा। उन्हें टीम के लिए वो रन बनाने होंगे। रोहित शर्मा ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो पहले छह ओवरों में ही अटैकिंग शॉट्स खेलेंगे। उनके पास किसी भी समय छक्के लगाने की काबिलियत है।

आपको बता दें कि रोहित शर्मा लंबे समय के बाद आईपीएल में एक बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे और ऐसे में देखने वाली बात होगी कि उनका परफॉर्मेंस कैसा रहता है।

Quick Links