किरोन पोलार्ड की धुआंधार पारी भी नहीं दिला सकी MI को जीत, सैम करन के खिलाफ दो छक्के ने पलटा मैच का पासा

प्रिटोरिया कैपिटल्स को मिली जीत (Photo Credit - SA20 Twitter)
प्रिटोरिया कैपिटल्स को मिली जीत (Photo Credit - SA20 Twitter)

SA20 के 28वें मैच में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने एमआई केपटाउन को 4 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने कप्तान किरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) की धुुआंधार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। जवाब में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने इस टार्गेट को 19.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इससे पहले एमआई के कप्तान किरोन पोलार्ड ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत काफी अच्छी रही। रेसी वेन डर डुसेन और रेयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सात ओवरों में 62 रनों की साझेदारी की। रिकेल्टन ने 24 गेंद पर 35 रन बनाए, जबकि वेन डर डुसेन ने 46 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 60 रनों की धुआंधार पारी खेली। हालांकि इसके बाद कप्तान किरोन पोलार्ड के अलावा बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। पोलार्ड ने 16 गेंद पर 1 चौका और 4 छक्के की मदद से 33 रन बनाकर टीम को 160 के पार पहुंचाया। प्रिटोरिया कैपिटल्स के कप्तान वेन पर्नेल ने 4 ओवरों में 33 रन देकर 4 विकेट लिए।

सैम करन के महंगे ओवर की वजह से पलटा मैच

टार्गेट का पीछा करने उतरी प्रिटोरिया कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने सिर्फ 11 रन तक ही 2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद काइले वेरेना ने 22 गेंद पर 34 रन बनाकर पारी को गति प्रदान की। हालांकि इसके बावजूद 78 रन तक आधी टीम पवेलियन में थी। यहां से थ्युइनस डी ब्रुयन और सेनुरन मुथुसैमी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। ब्रुयन ने 33 गेंद पर 42 रन बनाए, जबकि मुथुसैमी ने 18 गेंद पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 38 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। उन्होंने सैम करन के खिलाफ 18वें ओवर में दो लगातार छक्के लगाए और यहीं से मैच का रुख कैपिटल्स की तरफ मुड़ गया।

Quick Links