T20 World Cup से बाहर चल रहे शिखर धवन ने नहीं छोड़ी उम्मीद, नेट्स पर जमकर अभ्यास करते आए नजर

नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास करते शिखर धवन
नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास करते शिखर धवन

भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) में शामिल नहीं है। शिखर इस दौरान अपने ऊपर काफी काम कर रहे हैं और जमकर क्रिकेट का अभ्यास कर रहे हैं। अपने खाली समय में शिखर नेट्स पर प्रैक्टिस कर जमकर पसीना बहा रहे हैं।

बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें उन्हें नेट्स पर बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए देखा जा सकता है। शिखर इस वीडियो में अपनी लय में दिखाई दे रहे हैं और अच्छे शॉट्स खेलते हुए देखे जा सकते हैं। शिखर भारतीय टी20 टीम से बाहर होने के बावजूद निराश नहीं हैं और वो कड़ी मेहनत कर रहे हैं तथा प्रयास में कोई भी कमी नहीं छोड़ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए शिखर ने एक प्रेरणादायी कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा।

चैम्पियंस कभी नहीं सोते। उनकी शाश्वत अंतरात्मा उन्हें सतर्क और जगाए रखती है।

शिखर की इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं। उनका कहना है कि गब्बर वापस आ गया है। उनके एक फैन ने कमेंट में लिखा कि आप जमकर मेहनत कीजिए और फिर से भारतीय टीम में वापस आइए। वहीं एक फैन का कहना है कि वो इस वर्ल्ड कप में धवन को मिस कर रहे हैं और धवन वर्ल्ड कप में जगह डिजर्व करते थे।

बता दें, साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में धवन ने भारत की कप्तानी की थी। उस वक्त भारत की एक टीम वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो चुकी थी। उस सीरीज में भारत ने जीत हासिल की थी। वहीं, शिखर अब एक बॉलीवुड फिल्म में भी नजर आने वाले हैं। फिल्म ‘डबल एक्सएल’ में उन्हें हुमा कुरैशी और सोनाक्षी सिन्हा के साथ देखा जाएगा। फिल्म के ट्रेलर में भी शिखर शुरुआत में ही नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 4 नवंबर को रिलीज होने वाली है।

Quick Links