CWC 2023: श्रीलंकाई बल्‍लेबाजों ने 0 पर आउट होने का बनाया अनचाहा रिकॉर्ड, वर्ल्ड कप का चौंकाने वाला आंकड़ा आया सामने

India Cricket WCup
जसप्रीत बुमराह ने पारी की पहली गेंद पर पैथुम निसांका को आउट किया

श्रीलंका (Sri Lanka Cricket Team) टीम गुरुवार को शर्मसार हुई और भारत (India Cricket Team) के हाथों करारी हार सही। वहीं, वर्ल्‍ड कप (ICC Cricket World Cup 2023) में कई अनचाहे रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में खेले गए वर्ल्‍ड कप 2023 के 33वें मैच में भारत ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 357 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19.4 ओवर में 55 रन पर ऑलआउट हो गई।

358 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के पांच बल्‍लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। श्रीलंकाई ओपनर्स पैथुम निसांका और दिमुथ करुणारत्‍ने, वहीं सदीरा समरविक्रमा, दुशान हेमंता और दुश्मांथा चमीरा शून्‍य पर आउट हुए। इसी के साथ एक बार‍ फिर श्रीलंका के नाम चौंकाने वाला रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

वर्ल्‍ड कप में श्रीलंका के साथ दूसरी बार ऐसा हुआ कि एक पारी में पांच बल्‍लेबाज खाता नहीं खोल पाए हैं। वैसे, वर्ल्‍ड कप की एक पारी में पांच बल्‍लेबाजों का खाता नहीं खुल पाने की यह आठवीं घटना है। श्रीलंका के अलावा स्‍कॉटलैंड एक और ऐसी टीम है, जिसके साथ वर्ल्‍ड कप में दो बार ऐसा हुआ जब उसके पांच बल्‍लेबाज एक पारी में खाता नहीं खोल पाएं।

श्रीलंका और स्‍कॉटलैंड इस लिस्‍ट में संयुक्‍त रूप से टॉप पर काबिज हो गए हैं। 2023 वर्ल्‍ड कप से पहले श्रीलंका के साथ 2003 वर्ल्‍ड कप में यह कारनामा हुआ था। जोहानसबर्ग में भारत के खिलाफ ही उसके पांच बल्‍लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे।

भारतीय टीम ने तब 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 292 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम लक्ष्‍य का पीछा करते हुए 23 ओवर में केवल 109 रन पर ऑलआउट हुई और 183 रन के विशाल अंतर से मैच गंवाया था। श्रीलंका की तरफ से मर्वन अट्टापट्टू, जेहान मुबारक, महेला जयवर्धने, अरविंद डी सिल्‍वा और प्रभात निसांका खाता नहीं खोल पाए थे।

Quick Links