श्रीलंका की हार का कारण बने एंजेलो मैथ्यूज, आखिरी ओवर में ज़िम्बावे ने 20 रन बनाकर दर्ज की दूसरे T20I में जबरदस्त जीत 

(Photo Courtesy: Associated Press)
(Photo Courtesy: Associated Press)

कोलंबो में खेले गए दूसरे T20I (SL vs ZIM) में ज़िम्बाब्वे ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की और श्रीलंका को 4 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 173/6 का स्कोर बनाया, जवाब में ज़िम्बाब्वे ने 19.5 ओवर में 178/6 का स्कोर बनाया। ज़िम्बाब्वे के ल्यूक जोंग्वे (12 गेंद 25* और 2/32) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।

ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरूआती ओवरों में ही सही साबित होता नजर आया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में पैथुम निसांका 1 और कुसल परेरा खाता खोले बिना आउट हो गए। कुसल मेंडिस 4 और सदीरा समरविक्रमा भी 16 रन बनाकर चलते बने, जिससे पांचवें ओवर में ही स्कोर 27/4 हो गया।

यहाँ से चरिथ असलंका और अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज ने 79 गेंदों में 118 रन जोड़े, जो कि श्रीलंका के लिए T20I में पांचवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी रही। इन दोनों की साझेदारी की मदद से स्कोर 140 के पार पहुंचा। असलंका ने 39 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली और 145 के स्कोर पर आउट हुए। दसुन शनाका 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, मैथ्यूज 51 गेंदों में 66 रन बनाकर नाबाद रहे। ज़िम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुज़राबानी और ल्यूक जोंग्वे को दो-दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ज़िम्बाब्वे ने चौथे ओवर में 22 के स्कोर पर टी कामुनहुकाम्वे का विकेट गंवाया, जो 12 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान क्रेग एर्विन ने ब्रायन बेनेट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े और स्कोर को 100 के करीब पहुँचाया। बेनेट ने 25 रनों की पारी खेली और 13वें ओवर में 96 के स्कोर पर पवेलियन लौटे। कप्तान सिकंदर रजा 8 और शॉन विलियम्स 1 रन बनाकर आउट हो गए। एर्विन ने अर्धशतक जड़ा और 54 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। वहीं, रयान बर्ल ने 13 रन बनाये और 18वें ओवर में 143 के स्कोर पर छठे विकेट के रूप में चलते बने।

आखिरी दो ओवर में ज़िम्बाब्वे को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे लेकिन 19वें ओवर में सिर्फ 10 रन आये और अब मामला 6 गेंदों में 20 रन पर पहुँच गया था। पारी का अंतिम ओवर डालने की जिम्मेदारी अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज को मिली लेकिन उन्होंने पहली ही गेंद नो बॉल डाल दी और उस पर ल्यूक जोंग्वे ने छक्का लगा दिया, जिससे कुल 7 रन मिले। अगली दो गेंदों पर चौके और छक्के की मदद से 10 रन आये और अब 4 गेंदों में जीत के लिए 3 रन चाहिए थे।

तीसरी गेंद डॉट रही, जबकि चौथी गेंद पर कैच छूटने से एक रन आया। पांचवीं गेंद पर क्लाइव मदांडे ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया और अपनी टीम को यादगार जीत दिला दी। जोंग्वे 12 गेंदों में 25 और मदांडे 5 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की तरफ से महीश तीक्षणा और दुश्मंथा चमीरा को दो-दो विकेट मिले।

Quick Links

App download animated image Get the free App now