मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 2017 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने पहले मैच में 60 रन की पारी खेलने वाले राइजिंग पुणे सुपरजायंट (आरपीएस) के ओपनर अजिंक्य रहाणे ने कहा कि पूर्व कप्तान एमएस धोनी हमेशा टीम के 'बॉस' बने रहेंगे।
स्टीव स्मिथ को इस वर्ष एमएस धोनी की जगह आरपीएस का कप्तान बनाया गया है। स्मिथ ने मुंबई के खिलाफ गुरुवार को एमसीए स्टेडियम में नाबाद 84 रन की मैच विजयी पारी खेली और धोनी के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रन की अविजित साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई। मुंबई इंडियन्स के ओपनर जोस बटलर ने भी स्टीव स्मिथ की तारीफ़ करते हुए उन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज करार दिया।
बहरहाल, मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में रहाणे ने कहा, 'भले ही स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलियाई टीम का सफल प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन मेरे लिए एमएस धोनी अभी भी सर्वश्रेष्ठ लीडर हैं। स्मिथ का आरपीएस के कप्तान के रूप में पहला मैच था, लेकिन उन्होंने धोनी से काफी टिप्स हासिल की। स्मिथ को धोनी से मैदान में टिप्स लेते हुए देखा गया और पूर्व कप्तान ने बखूबी टिप्स देकर टीम को सफलता दिलाई।'
रहाणे ने दोनों दिग्गजों के बीच तुलना से परहेज करते हुए कहा, 'इसका जवाब देना मुश्किल है क्योंकि स्मिथ की कप्तानी में मैंने सिर्फ एक मैच खेला है। मैंने धोनी भाई की कप्तानी में काफी मैच खेले हैं और हम सभी जानते हैं कि वह विश्व स्तरीय अगुआ हैं। मेरे ख्याल से किसी को भी स्मिथ और धोनी की कप्तानी की तुलना नहीं करना चाहिए। धोनी अभी भी विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।'
यह भी पढ़ें : IPL 2017 : महेंद्र सिंह धोनी को आचार संहिता के लेवल 1 का दोषी माना गया
रहाणे ने आगे खुलासा किया कि एडम ज़म्पा और इमरान ताहिर को एकसाथ खिलाना टीम की योजना का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि दोनों ही गेंदबाज विकेट लेने के लिए काफी मिश्रण करते हैं। रहाणे ने कहा कि पिछले वर्ष एडम ज़म्पा ने हमारे लिए बढ़िया प्रदर्शन किया था जबकि इमरान ताहिर विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। इसलिए टीम के लिए दोनों को एकसाथ खिलाना अच्छा फैसला रहा।
वहीं मुंबई इंडियन्स के ओपनर जोस बटलर ने कहा, 'स्मिथ इस समय विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। उनके खिलाफ कोई भी टीम सही योजना नहीं बना रही है। उन्होंने काफी अच्छा खेला और परिस्थिति को बखूबी समझा व अंत तक नाबाद रहे।
Published 07 Apr 2017, 15:39 IST