सुरेश रैना ने युवराज सिंह के साथ शेयर की तस्वीर, फोटो में अनजान महिला को लेकर दिया खास कैप्शन 

मैदान पर सुरेश रैना और युवराज सिंह
मैदान पर सुरेश रैना और युवराज सिंह

सुरेश रैना (Suresh Raina) और युवराज सिंह (Yuvraj Singh) दोनों ही खिलाड़ी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। दोनों ही अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अकसर ऐसे पोस्ट करते रहते हैं जिससे उनके फैंस का मनोरंजन होता रहता है। एक बार फिर से रैना ने युवराज के साथ एक मजेदार तस्वीर शेयर की है।

सुरेश रैना ने अपने सोशल मीडिया में एक फोटो शेयर की है जिसमें वो युवराज सिंह के साथ फ्लाइट में नजर आ रहे हैं। लेकिन इस तस्वीर की सबसे खास बात तब समझ में आती है जब आप रैना का कैप्शन पढ़ें। दरअसल, इस तस्वीर में एक महिला इन खिलाड़ियों के पीछे वाली सीट पर बैठी है। यह महिला विक्टरी का साइन बना कर फोटोबॉम्ब करते हुए नजर आईं। सुरेश रैना ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा,

किसी ने हमें फोटोबॉम्ब किया।

सुरेश रैना ने जैसे ही इस तस्वीर को शेयर किया, फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे। लोग दोनो ही खिलाड़ियों की तारीफ कर रहे हैं। कोई इन्हें लीजेंड बता रहा है तो कोई कह रहा है कि ‘महिला चीन से आपको शांति ऑफर कर रही है।’ जो महिला इस तस्वीर में नजर आ रही हैं उन्होंने मास्क लगाया हुआ है लेकिन फैंस का कहना है कि यह महिला चीनी है।

बता दें, सुरेश रैना और युवराज सिंह दोनों ही अभी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। उनके साथ इस लीग में सचिन तेंदुलकर और इरफान पठान जैसे अन्य बड़े खिलाड़ी भी नजर आ रहे हैं। इस लीग के अपने पहले मैच में इंडियन लीजेंड्स ने जीत दर्ज की थी। वहीं टीम का दूसरा और तीसरा मैच बारिश की वजह से रद्द हो चुका है।

आखिरी मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया लीजेंड्स को नमन ओझा (18) और सचिन तेंदुलकर (नाबाद 19) ने अच्छी शुरुआत दी। ओझा ने 15 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सुरेश रैना (नाबाद 9) ने छक्के से अपना खाता खोला। 5.5 ओवर के बाद बारिश के कारण खेल को रोकना पड़ा। तब तक टीम ने 49 रन बनाए थे। इसके बाद दोबारा खेल शुरू नहीं हाे सका। टीम के खाते में अब तक चार अंक हैं और तालिका में तीसरे नंबर पर है।

Quick Links