Suryakumar Yadav World Record: आईपीएल 2025 में आज सीजन का 69वां मैच जयपुर में खेला जा रहा है, जिसमें मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स आमने-सामने हैं। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है और धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रचने का काम किया है। सूर्यकुमार ने एक बार फिर 25 प्लस का स्कोर बना दिया और अब उनके नाम टी20 क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा बार ऐसा करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। यह महारिकॉर्ड अभी तक दक्षिण अफ्रीका के पूर्व टी20 कप्तान टेम्बा बावुमा के नाम दर्ज था लेकिन अब सूर्यकुमार ने उन्हें पछाड़ दिया है।
आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार ने अभी तक कमाल की फॉर्म दिखाई है और हर पारी में 25 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। सूर्यकुमार ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में नाबाद 73 रन बनाकर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 25 प्लस का स्कोर बनाने के मामले में टेम्बा बावुमा की बराबरी कर ली थी, जिन्होंने लगातार 13 पारियों में ऐसा किया था। वहीं अब पंजाब किंग्स के खिलाफ भी सूर्यकुमार 25 का आंकड़ा क्रॉस करने में सफल रहे और लगातार 14 पारियों में ऐसा करके बावुमा को पछाड़ दिया।
मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव ने किया बड़ा कारनामा
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव ने एक और कीर्तिमान हासिल किया और उन्होंने मौजूदा सीजन में 600 रन पूरे कर लिए। सूर्या के करियर में यह दूसरा मौका है, जब उन्होंने एक सीजन में 600 रनों के आंकड़े को हासिल किया हो। मुंबई इंडियंस के इतिहास में अभी तक किसी भी खिलाड़ी ने ऐसा नहीं किया था लेकिन अब सूर्यकुमार ने इस कारनामे को अंजाम दे दिया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इससे पहले आईपीएल 2023 में 605 रन बनाए थे। वहीं अब 2025 के सीजन में भी 600 रन से ज्यादा बना चुके हैं। अभी तक एमआई के लिए सूर्या के अलावा सचिन तेंदुलकर ही एकमात्र बल्लेबाज रहे, जिन्होंने एक सीजन में 600 रन बनाने का कारनामा किया था।
सूर्यकुमार यादव इस सीजन काफी जबरदस्त लय में नजर आए हैं और उन्होंने कई कमाल की पारियां खेली हैं। इसी वजह से मुंबई इंडियंस को शानदार प्रदर्शन करने में मदद भी मिली है और टीम प्लेऑफ में स्थान पक्का कर चुकी है।