सूर्यकुमार यादव को बचपन में सिर्फ क्रिकेट से नहीं एक और खेल से था प्यार, पढ़ाई में भी SKY ने नहीं छोड़ी कमी

Surya Kumar Yadav
टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव( photo credit: instagram/ surya_14kumar)

Team India T20 Captain Surya kumar Yadav Education Details: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी सूर्य कुमार यादव ने टी 20 विश्व कप 2024 में शानदार प्रदर्शन किया था। जो मैच कई मौकों पर हाथ से निकल रहे थे उसमें सूर्या ने कई बार अपने बल्ले से मैच को भारत की झोली में डाला। वहीं फाइनल मुकाबले में उनके एक कैच ने मानो गेंद नहीं वर्ल्ड कप ट्रॉफी ही पकड़ ली थी। टीम इंडिया ने 11 साल का सूखा खत्म करते हुए आईसीसी का खिताब जीता और टी20 विश्वकप की ट्रॉफी पर दूसरी बार कब्जा जमाया। उन्हीं सूर्या को अब टीम इंडिया का टी20 कप्तान भी घोषित कर दिया गया है। मगर आप ये जानकर हैरान होंगे की सूर्या को जिंदगी के शुरुआती लम्हों में क्रिकेट नहीं बल्कि किसी और खेल में रुचि थी।

मुंबई से ली थी ग्रेजुएशन की डिग्री

आपको बता दें कि टी 20 सीरीज के कप्तान सूर्य कुमार यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल वह मुंबई में रहते हैं। स्टार खिलाड़ी सूर्य कुमार यादव ने शुरुआती पढ़ाई एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से पूरी की है। वहीं ग्रेजुएशन बीकॉम की डिग्री उन्होंने मुंबई के पिल्लई कॉलेज से हासिल की।

बचपन में क्रिकेट के अलावा इस खेल में थी रुचि

सूर्य कुमार यादव को बचपन से सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि एक और खेल में भी रुचि थी। यानी क्रिकेट उनका इकलौता या पहला प्यार नहीं था। आज अपने बल्ले के दम पर भारत के मिस्टर 360 डिग्री कहे जाने वाले सूर्या बचपन में रैकेट लेकर ज्यादा खेलते थे। जी हां सभी के चहेते बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को बैडमिंटन में भी अधिक रुचि थी। हालांकि जैसे–जैसे उनकी उम्र बढ़ती गई उनका झुकाव क्रिकेट की ओर बढ़ता गया।

सूर्या ने वाराणसी की गलियों में खेलते हुए अपने हुनर को आगे बढ़ाया। सूर्य कुमार यादव के पिता अशोक कुमार यादव बार्क में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की नौकरी के लिए ग़ाज़ीपुर शहर से मुंबई आ गए। वह मुंबई में भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं सूर्यकुमार यादव की माता स्वप्ना यादव एक हाउसवाइफ हैं।

महज 3 साल के करियर में बन गए भारत के कप्तान

सूर्यकुमार यादव का करियर आसान नहीं रहा है। जिस उम्र तक आते आते एक घरेलू क्रिकेटर इंडिया खेलने की उम्मीद छोड़ देता वहीं सूर्या ने 30 साल की उम्र में टी20 डेब्यू किया। तीन साल में ही वह इस फॉर्मेट के दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज बन गए। उसी का फल है कि महज 3 साल के करियर में 33 की उम्र में वह भारत के कप्तान बन गए। बीसीआई ने बीते गुरुवार 18 जुलाई को सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम का नया कप्तान घोषित किया। गौरतलब है कि वर्ल्ड चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा ने विश्व कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। सूर्या आगामी श्रीलंका दौरे पर टी20 सीरीज से यह बागडोर संभालेंगे। इससे पहले पिछले साल ODI वर्ल्ड कप के बाद सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया और फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में कप्तानी संभाली थी।

Quick Links

Edited by Priyam Sinha
App download animated image Get the free App now