एडिलेड में रनों का अंबार लगा चुके हैं विराट कोहली, जबरदस्त रिकॉर्ड को लेकर आई बड़ी प्रतिक्रिया

Nitesh
India v Bangladesh - ICC Men
India v Bangladesh - ICC Men's T20 World Cup

विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए एडिलेड का मैदान हमेशा से ही काफी भाग्यशाली रहा है और उन्होंने यहां पर काफी रन बनाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) के मुकाबले में भी उन्होंने बेहतरीन अर्धशतक लगाकर टीम की जीत में योगदान दिया। उनकी इस पारी को लेकर पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि हर एक खिलाड़ी का अपना कोई ना कोई पसंदीदा मैदान होता है जिसमें वो काफी रन बनाता है। ऐसा लगता है कि एडिलेड विराट कोहली का फेवरिट मैदान बन गया है।

विराट कोहली ने एडिलेड के मैदान में अब तक सिर्फ दो टी-20 मैच खेले हैं और दोनों में वह नाबाद रहे हैं। कोहली ने एडिलेड में अब तक सभी प्रारूपों को मिलाकर कुल 10 मैचों में 907 रन बना लिए हैं। इससे पता चलता है कि उनके लिए ये ग्राउंड कितना भाग्यशाली रहा है। उन्होंने इसी मैदान में 2015 के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाया था।

विराट कोहली के लिए एडिलेड का मैदान फेवरिट है - सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे पर बातचीत के दौरान कहा 'मेरे हिसाब से हर एक प्लेयर का अपना एक फेवरिट ग्राउंड होता है जहां पर वो काफी कंफर्टेबल महसूस करता है। मेरे हिसाब से विराट कोहली के लिए एडिलेड का मैदान फेवरिट है। यहीं पर उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया था। यहीं पर उन्होंने कप्तान के तौर पर टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में शतक लगाया था। इसी मैदान में उन्होंने 2015 के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ा था।'

सुनील गावस्कर ने आगे कहा 'विराट कोहली ने इस मैदान में ये रन तब बनाए जब भारतीय टीम को इन रनों की काफी ज्यादा जरूरत थी। इससे उनको एक विश्वास मिला होगा कि वो जब भी एडिलेड में आएंगे तो रन जरूर बनाएंगे। अपनी पारी से उन्होंने एक बार फिर ऐसा करके दिखाया।'

Quick Links

Edited by Nitesh