Shikhar Dhawan Shayari: टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मानों सोशल मीडिया से दोस्ती कर ली हो। शिखर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से फैंस के बीच सुर्खियों में रहते हैं, वहीं फैंस भी अपने फेवरेट क्रिकेटर की हर पोस्ट पर खूब प्यार लुटाते हैं। शिखर धवन की पर्सनल लाइफ के बारे में हर कोई जानता है। आयशा मुखर्जी से शादी करने के बाद उनको मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, हालांकि साल 2023 में दोनों का तलाक हो गया है। तलाक के बाद से शिखर धवन का बेटा अपनी मां आयशा के साथ ही रहता है, जिससे धवन काफी समय से नहीं मिल पाए हैं।
इन सब के बावजूद शिखर धवन फैंस के बीच खुद को खुश रखने की पूरी कोशिश करते हैं और फैंस का भी एंटरटेनमेंट करते रहते हैं। इस बीच धवन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ ऐसा शेयर किया है, जिसे देखने के बाद लग रहा है जैसे वह किसी पर तंज कस रहे हैं या इशारों- इशारों में फैंस के साथ अपनी तकलीफ शेयर कर रहे हैं।
शायरी के जरिए शिखर धवन ने कही दिल की बात
शुक्रवार की सुबह शिखर धवन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की है, जिसमें वह शायरी के अंदाज में अपने शब्दों को फैंस के साथ शेयर करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं, धवन कहते हैं कि तुमको बिकना है तो व्यापार भी हो सकता है, चाहने वाला खरीददार भी हो सकता है। तो कभी अपने दुश्मन को शक की निगाहों से ना देख, तेरा कातिल तो तेरा यार भी हो सकता है।
धवन की इस शायरी पर फैंस अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। शिखर धवन के इस वीडियो को देखने के बाद यह तो साफ है कि उनके मन में कुछ ना कुछ जरुर चल रहा है या वह किसी बात से परेशान हैं, जिसकी वजह से वो अपने दिल की बात को शायरी के जरिए फैंस के साथ शेयर कर रहे हैं