वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज़्यादा छक्का लगाने वाले 5 भारतीय बल्लेबाज़

भारतीय बल्लेबाज़ों की विश्व क्रिकेट में हमेशा से ही एक अलग जगह रही है। तकनीकी बल्लेबाज़ी हो या फिर आक्रामक रवैया, भारतीय बल्लेबाज़ों ने हर क्षेत्र में पूरी दुनिया को अपना मुरीद बनाया है। एक वक़्त पर भारतीय बल्लेबाज़ो को विदेशी धरती पर घायल शेरों के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं क्योंकि टीम इंडिया के धुरंधर किसी भी ज़मीन पर गेंदबाज़ों के पैंतरों को ध्वस्त करने का माद्दा रखते हैं। आज हम बात करने जा रहे हैं वनडे क्रिकेट के ऐसे 5 विस्फोटक भारतीय बल्लेबाज़ों की, जिन्हें छक्के जड़ने का शगल है और जिनके खाते में इनकी संख्या काफ़ी है।

#5 युवराज सिंह

युवराज सिंह एक खतरनाक हिटर हैं और किसी भी परिस्थिति में मैच का रूख बदलने की क्षमता रखते हैं। दशकों के इंतज़ार के बाद भारत को दूसरा विश्वकप दिलाने में युवराज का ख़ास योगदान रहा है। युवराज के छक्कों को सिर्फ एक गेंद पर सर्वाधिक संभावित रन बटोरने के तौर पर नहीं देखा जाता बल्कि उनके करीनों की भी पूरी दुनिया मुरीद है। 304 वनडे मैचों में युवराज के नाम पर 155 छक्के दर्ज हैं और उनका स्ट्राइक रेट 87.67 का रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर की 6 गेंदों पर 6 छक्के मारने वाले वह एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। इसे भी पढ़ें: विराट कोहली ने अपनी शरीक़-ए-हयात के साथ साझा की एक ख़ूबसूरत तस्वीर

#4 रोहित शर्मा

रोहित शर्मा के इतिहास को देखते हुए लगता है कि शायद सिर्फ़ शतकों से उन्हें संतुष्टि नहीं मिलती और उन्हें अब यह प्रथा पुरानी लगने लगी है। तभी तो अभी तक वह 3 बार दोहरे शतक जड़ चुके हैं। वनडे मैच की एक पारी में सर्वाधिक रनों (264) का विश्व रिकॉर्ड उनके नाम पर ही है। जब एक खिलाड़ी को पूरी एक टीम के बराबर स्कोर बनाने की आदत हो तो लाज़िमी है कि उसे छक्के जड़ने में भी महारत होगी ही। अभी तक वनडे में रोहित 169 छक्के लगा चुके हैं। इतना ही नहीं, उनके नाम पर एक पारी में 16 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है।

#3 सौरव गांगुली

भारत के सबसे उम्दा कप्तानों में शुमार और 'बंगाल टाइगर' के नाम से लोकप्रिय सौरव गांगुली को भारतीय फैन्स छक्के जड़ने के स्टाइल का 'पितामह' मानते हैं। तकनीक और आक्रामकता का ऐसा मिश्रण शायद ही किसी बल्लेबाज़ में देखा गया हो। अब अगर इतने सक्षम बल्लेबाज़ को गेंद को हवा में उड़ते हुए और सीधे बाउंड्री पर गिरते देखने का शौक हो, तो फील्डिंग किस तरह से सजाई गई है, इससे उस बल्लेबाज़ को क्या लेना-देना। 300 वनडे मैचों में दादा ने 11 हज़ार से ज़्यादा रन बनाए हैं और इनमें उनके 190 छक्कों का ख़ास योगदान है। छक्कों के दोहरे शतक से गांगुली बस कुछ दूर ही रह गए।

#2 सचिन तेंदुलकर

क्रिकेट के खेल का अगर कोई औपचारिक शब्दकोष तैयार किया जाए तो विशेषज्ञ 'सचिन तेंदुलकर' और 'रिकॉर्ड' शब्द को एक-दूसरे के पर्यायवाची के तौर पर रखना ही पसंद करेंगे। 463 वनडे मैच खेलने वाले सचिन ने 18 हज़ार से भी ज़्यादा रन बनाए। उनका औसत (44.83) भी कमाल का रहा। वनडे मैचों में 2000 से भी ज़्यादा बाउंड्रीज लगाने वाले वह एकमात्र बल्लेबाज़ हैं। वनडे में तेंदुलकर के नाम पर 195 छक्के दर्ज हैं।

#1 महेंद्र सिंह धोनी

इस फेहरिस्त के साथ सफ़र करते-करते आपको अंदाज़ा हो गया होगा कि पहले नंबर पर धोनी का ही नाम आने वाला है। भारतीय वनडे इतिहास में धोनी के नाम पर ही सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड दर्ज है। धोनी के शॉट्स से उनके स्किल और ताकत दोनों का ही अंदाज़ा लग जाता है। वनडे में धोनी अभी तक 217 छक्के लगा चुके हैं। धोनी का स्ट्राइक रेट 88.40 का है और वह 10 हज़ार रनों के आंकड़े से सिर्फ 33 रन ही पीछे हैं। लेखकः तेजस अनुवादकः देवान्श अवस्थी

Edited by Staff Editor