विराट कोहली के बयान पर अब बीसीसीआई ने दी बड़ी प्रतिक्रिया, चेतन शर्मा का बड़ा खुलासा

विराट कोहली के बयान पर चेतन शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है
विराट कोहली के बयान पर चेतन शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है

विराट कोहली (Virat kohli) ने कुछ दिन पहले एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनको टी20 टीम की कप्तानी छोड़ते समय किसी ने कुछ नहीं कहा। इस बयान के बाद बीसीसीआई पर लोग भड़के थे लेकिन अब बोर्ड के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने चीजें साफ़ कर दी है। चेतन शर्मा ने कहा कि विराट से टीम के लिए कप्तान बने रहने के लिए कहा गया था।

चेतन शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय टीम सलेक्शन के दौरान प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि जब विराट ने हमें बताया कि वह टी20 कप्तानी छोड़ रहे हैं, तो सभी ने विराट से भारतीय क्रिकेट की खातिर टी20 कप्तान के रूप में बने रहने के लिए कहा। सभी ने उनसे काम जारी रखने के लिए कहा था। इसके अलावा चेतन शर्मा ने यह भी कहा कि विराट और रोहित के बीच सब कुछ सही है। उनके बारे में इस तरह की खबरों को देखकर उनको हँसी आती है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए जाने से पहले हुई प्रेस वार्ता में कोहली ने बयान देते हुए कहा था कि टी20 कप्तानी छोड़ते समय उनसे किसी ने बात नहीं की। उनसे पहले बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा था कि कोहली से बात की गई थी और कप्तान रहने के लिए कहा गया था। जब वह नहीं माने तो चयनकर्ताओं को लगा कि सफेद गेंद क्रिकेट में दो कप्तान नहीं होने चाहिए इसलिए रोहित शर्मा को दोनों प्रारूप में कप्तान बना दिया गया।

हालांकि रोहित शर्मा चोटिल होने के बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर हो गए। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह केएल राहुल को वनडे टीम का कप्तान बनाया है। वनडे टीम का उपकप्तान जसप्रीत बुमराह को बनाया गया है। वेंकटेश अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया है।

Quick Links