मुंबई इंडियंस की सबसे कमजोर कड़ी ये है...पूर्व क्रिकेटर ने टूर्नामेंट के आगाज से पहले उठाए सवाल

मुंबई इंडियंस टीम में आकाश चोपड़ा ने बताई ये बड़ी कमी (Photo Credit - MI)
मुंबई इंडियंस टीम में आकाश चोपड़ा ने बताई ये बड़ी कमी (Photo Credit - MI)

वुमेंस आईपीएल (Womens IPL) का आगाज आज से हो रहा है और पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स की टीम के बीच खेला जाएगा। इस मैच से पहले पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस टीम में एक बड़ी कमी की तरफ इशारा किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई के गेंदबाजी डिपार्टमेंट में अच्छे भारतीय तेज गेंदबाज नहीं हैं और इसी वजह से ओवरसीज ऑलराउंडर की बजाय इसाबेले वोंग को खिलाया जा सकता है।

WPL 2023 के लिए मुंबई इंडियंस के पास काफी मजबूत स्क्वाड है, जिसमें कुछ जबरदस्त खिलाड़ी शामिल हैं। 13 फरवरी को हुए ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने 6 विदेशी खिलाड़ियों समेत अपने स्क्वाड में कुल 17 खिलाड़ी शामिल किये थे। ऑक्शन में सबसे महंगी खरीद इंग्लैंड की नताली सीवर रहीं थी, जिन्हें मुंबई ने 3.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम खर्चकर अपने साथ जोड़ा था। मुंबई इंडियंस की टीम की कप्तानी भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों में हैं। वहीं कोचिंग स्टाफ में शार्लेट एडवर्ड्स और झूलन गोस्वामी जैसी दिग्गज शामिल हैं।

मुंबई इंडियंस के पास भारतीय तेज गेंदबाजी का विकल्प नहीं है - आकाश चोपड़ा

हालांकि आकाश चोपड़ा के मुताबिक टीम में बेहतरीन भारतीय फास्ट बॉलर मौजूद नहीं हैं। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा,

मुंबई इंडियंस ने काफी अच्छी टीम बनाई है। उनके पास काफी ऑलराउंडर हैं। हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज, नताली सीवर, एमेलिया केर और पूजा वस्त्राकर जैसी ऑलराउंडर हैं। इसके अलावा हीदर ग्राहम और क्लो ट्रायन के रूप में भी उनके पास दो और ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। हालांकि इस मैच में इसाबेले वोंग खेल सकती हैं क्योंकि उनके पास तेज गेंदबाजी में कोई बेहतरीन भारतीय विकल्प मौजूद नहीं है।

WPL 2023 के लिए मुंबई इंडियंस की महिला टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), नताली सीवर, पूजा वस्त्राकर, यास्तिका भाटिया, एमेलिया केर, अमनजोत कौर, हेली मैथ्यूज, क्लो ट्रायन, हीदर ग्राहम, इसाबेले वोंग, प्रियंका बाला, धारा गुज्जर, हुमैरा क़ाज़ी, जिनतिमानी कलिता, नीलम बिष्ट, साइका इशाक़, सोनम यादव।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Be the first one to comment