WPL 2023 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन को बुरी तरह हराया, अंक तालिका में बनी नंबर 1

दिल्ली कैपिटल्स का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला
दिल्ली कैपिटल्स का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला

WPL 2023 के 18वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 109/8 का स्कोर बनाया, जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 9 ओवर में ही 110/1 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। दिल्ली कैपिटल्स की मरीज़ाने कैप (2/13) को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।

टॉस हारकर पहले खेलने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। ओपनर यास्तिका भाटिया 1 रन बनाकर 6 के स्कोर पर चलती बनीं। नाताली सीवर को मरीज़ाने कैप ने खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। हेली मैथ्यूज 5 रन बनाकर शिखा पांडे का शिकार बनीं। एमेलिया केर भी 8 रन बनाकर चलती बनीं। पूजा वस्त्राकर ने 26 रन बनाये और मुंबई इंडियंस को 58 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले से 23 रन आये। इसी वोंग ने 23 और अमनजोत कौर ने 19 रन बनाकर मुंबई के स्कोर को 100 के पार पहुंचाने में अहम रोल निभाया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से उनकी तीन गेंदबाजों ने दो-दो विकेट अपने नाम किये।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत जबरदस्त रही। शैफाली वर्मा और मेग लैनिंग की जोड़ी ने 4.3 ओवर में ही बोर्ड पर 56 रन लगा दिए। शैफाली 15 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुईं। यहाँ से लैनिंग का साथ देने आईं एलिस कैप्सी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और अपनी टीम को नौवें ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। कैप्सी ने 17 गेंदों में एक चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 38 रन बनाये। लैनिंग ने भी 32 रनों की नाबाद पारी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स की सात मैचों में यह पांचवीं जीत है और वह 10 अंकों के साथ बेहतर रन रेट के कारण टॉप पर है। मुंबई इंडियंस के भी 10 अंक हैं लेकिन उनका नेट रन रेट कम है और वे दूसरे स्थान पर हैं।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment