WPL 2025, Delhi Capitals Playing 11 : वुमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का आगाज होने वाला है। इस बार 14 फरवरी से टूर्नामेंट खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी टूर्नामेंट में धमाल मचाने के लिए तैयार है। दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में वैसे तो अभी तक अच्छा खेल दिखाया है लेकिन वो टाइटल नहीं जीत पाए हैं। इस बार टीम की कोशिश रहेगी कि मेग लैनिंग की कप्तानी में पहली बार वुमेंस प्रीमियर लीग का टाइटल जीता जाए। इसके लिए टीम के पास कई सारी बेहतरीन खिलाड़ी हैं। हम आपको बताते हैं कि दिल्ली कैपिटल्स की बेस्ट प्लेइंग इलेवन पहले मैच के लिए क्या हो सकती है। टीम को पहला मैच 15 फरवरी को मुंबई इंडियंस से खेलना है।
टॉप ऑर्डर में टीम के पास दो जबरदस्त पावर हिटर हैं। कप्तान मेग लैनिंग के साथ शेफाली वर्मा ओपन करते हुए नजर आएंगी। शेफाली एक ऐसी खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच जिताने की क्षमता रखती हैं। इसके अलावा मेग लैनिंग की खासियत यह है कि वो पारी बनाने के अलावा ताबड़तोड़ शॉट्स भी खेल सकती हैं। तीसरे नंबर पर भी टीम के पास जेमिमा रॉड्रिग्स के तौर पर बेहतरीन विकल्प है।
अगर मिडिल ऑर्डर की बात करें तो यहां पर दक्षिण अफ्रीका की मारिजाने कैप खेलती हुईं नजर आएंगी। उनके पास काफी अच्छा एक्सपीरियंस है। जबकि तानिया भाटिया विकेटकीपर के तौर पर नजर आएंगी। निचले क्रम में अनाबेल सदरलैंड खेलती हुईं नजर आएंगी जो गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कर सकती हैं। उनके पास वो लंबे हिट लगाने की क्षमता है। वहीं भारतीय ऑलराउंडर शिखा पांडे भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकती हैं। इसके बाद स्पिन गेंदबाज के तौर पर ऑस्ट्रेलिया की जेस जोनासन और भारत की राधा यादव खेलती हुई नजर आएंगी। राधा यादव भारतीय परिस्थितियों में काफी कारगर साबित हो सकती हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की बेस्ट प्लेइंग इलेवन
इसके बाद तेज गेंदबाजों के तौर पर तितास साधू और अरुंधति रेड्डी प्लेइंग इलेवन में खेलती हुई नजर आएंगी। आइए जानते हैं कि दिल्ली कैपिटल्स की बेस्ट प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है।
शेफाली वर्मा, मेग लैनिंग (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, मारिजाने कैप, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), अनाबेल सदरलैंड, शिखा पांडे, जेस जोनासन, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी और तितास साधू।