पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी की हालत खराब, लंदन के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती

जहीर अब्बास कोरोना संक्रमण से पीड़ित हैं और अस्पताल में हैं
जहीर अब्बास कोरोना संक्रमण से पीड़ित हैं और अस्पताल में हैं

पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व कप्तान जहीर अब्बास (Zaheer Abbas) लंदन के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं। कोरोना वायरस के बाद उनको भर्ती कराना पड़ा है। दुबई से लंदन जाते समय वह कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसके बाद उनको ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी रखा गया। तीन दिन पहले उनको आईसीयू में भर्ती किया गया।

पाकिस्तानी मीडिया हाउस जियो न्यूज ने कहा है कि अब्बास इस समय डायलिसिस पर हैं और डॉक्टरों ने उनको लोगों से मिलने से मना किया है। उन्होंने दर्द की शिकायत की थी और ब्रिटिश राजधानी पहुंचने के बाद उन्हें निमोनिया हो गया था। इसके बाद उनको भर्ती कराने की आवश्यकता महसूस हुई और बाद में आईसीयू में ले जाया गया।

1969 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले अब्बास ने 78 टेस्ट में 5062 रन बनाए और 62 एकदिवसीय मैचों में 2572 रन बनाए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 459 मैचों में 34,843 रन बनाए, जिसमें 108 शतक और 158 अर्द्धशतक शामिल थे। इस तरह का रिकॉर्ड देखकर कहा जा सकता है कि वह किस क्लास के खिलाड़ी थे। जहीर अब्बास को खेल के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए भी देखा जाता है। इसके अलावा कुछ मौकों पर उनको खेल का विश्लेषण करते हुए भी देखा गया है।

संन्यास लेने के बाद उनको आईसीसी मैच रेफरी के तौर पर काम करने का मौका भी मिला था। टेस्ट और वनडे क्रिकेट के लिए उनको यह जिम्मेदारी मिली थी। इसके अलावा आईसीसी हॉल ऑफ़ फेम में भी उनको शामिल किया गया। साल 2020 में उनको यह सम्मान दिया गया था। पाकिस्तानी फैन्स और क्रिकेटरों ने उनके जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना की है और सोशल मीडिया पर अपनी बातें कही।

Quick Links

Edited by निरंजन