क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने हासिल की विशेष उपलब्धि, पूरा किया अंतरराष्‍ट्रीय गोल का 'शतक'

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने दागा 100वां अंतरराष्‍ट्रीय गोल
क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने दागा 100वां अंतरराष्‍ट्रीय गोल

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने मंगलवार को यूएफा नेशंस लीग के मुकाबले में स्‍वीडन के खिलाफ गोल करके ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने अंतरराष्‍ट्रीय फुटबॉल में 100 गोल पूरे कर लिए हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने 165 मैचों में 100 गोल पूरे किए। 35 साल के क्रिस्‍टियानो रोनाल्‍डो अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर गोल का शतक करने वाले यूरोप के पहले जबकि दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। दुनिया में सबसे ज्‍यादा अंतरराष्‍ट्रीय गोल करने का रिकॉर्ड ईरान के अली डाई के नाम दर्ज है, जिन्‍होंने 109 गोल किए हैं।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने आखिरी बार नवंबर 2019 में पुर्तगाल के लिए गोल किया था। तब क्रिस्टियनो रोनाल्‍डो ने लक्‍समबर्ग के खिलाफ बेहतरीन फ्री किक जमाकर गोल दागा था। 5 बार के बैलन डी ओर विजेता क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो का फ्री किक पर करियर का यह 57वां जबकि देश की जर्सी में 10वां गोल था। रोनाल्‍डो ने जो 100 गोल दागे, उनमें से दोस्‍ताना मैचों में केवल 17 गोल किए गए हैं। पुर्तगाल के लिए अपने लंबे करियर में क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने लिथुआनिया के खिलाफ सात, स्‍वीडन के खिलाफ 6, एंडोरा, आर्मेनिया, लातविया और लक्‍समबर्ग के खिलाफ पांच-पांच गोल किए।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो की 6 हैट्रिक

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने अंतरराष्‍ट्रीय फुटबॉल में 6 हैट्रिक जमाई है। उन्‍होंने फीफा विश्‍व कप चरण में सात गोल किए और अपने करियर में यूएफा यूरो में 9 गोल दागे। मैनचेस्‍टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड के पूर्व स्‍ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो सक्रिय खिलाड़‍ियों में सबसे ज्‍यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। भारतीय फुटबॉल टीम के कप्‍तान सुनील छेत्री (72) और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (70) क्रमश: तीसरे व चौथे स्‍थान पर है।

महिलाओं की बात करें तो 17 खिलाड़ी 100 गोल का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। इनमें सात अमेरिका की हैं। कनाडा की क्रिस्टिन सिंक्‍लेयर 186 गोल के साथ सर्वकालिक सबसे ज्‍यादा गोल करने वाली महिला खिलाड़ी हैं। अमेरिका की फॉरवर्ड एबी वामबाख (184) दूसरे स्‍थान पर हैं।

बता दें कि क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने अपने देश के लिए पहला गोल यूएफा यूरो 2004 में दागा था, तब उनकी उम्र 19 थी। 16 साल बाद क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने यूसबियो और पॉलेटा जैसे दिग्‍गजों को पीछे छोड़ा और पुर्तगाल के सर्वकालिक सर्वश्रेष्‍ठ गोल स्‍कोरर बने। हालांकि, क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो यूएफा यूरो 2004 फाइनल जीतने में कामयाब नहीं हो पाए थे। मगर इसके बाद यूएफा यूरो 2016 में क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने पुर्तगाल की कप्‍तानी की और पिछले साल यूएफा नेशंस लीग में अपने नेतृत्‍व में पुर्तगाल को चैंपियन बनाया।