गर्मी का मौसम आ गया है और अभी से तेज़ गर्मी का आभास होने लगा है। ऐसे मौसम में, शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिसे हम डिहाइड्रेशन कहते हैं। पानी की कमी पूरी करने के लिए कुदरत हमें गर्मियों के ख़ास फलों से नवाज़ती हैं। इस मौसम में आने वाले फल पौष्टिकता से भरपूर होते हैं। ये न केवल हमारी प्यास बुझाते हैं, बल्कि हमें तरोताजा बनाए रखते हैं। इसलिए गर्मी के मौसम में अपने आहार में बदलाव करते हुए इन मौसमी फलों को शामिल करें। इससे तेज गर्मी में भी आप हाइड्रेट और एनर्जेटिक बने रहेंगे। इस लेख में टॉप 5 फलों की सूची है जो गर्मियों के मौसम में फायदेमंद साबित होंगे।
गर्मियों में ठंडक पहुंचाने वाले 5 फल - Garmiyo Mein Thandak Pahuchane Wale 5 Fal In Hindi
1. आम (Mango)
यह फलों का राजा सामान्य रूप से केवल गर्मियों के मौसम में मिलता है। आम विटामिन, खनिज पदार्थ, एंटीऑक्सीडेंट और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता है। आम में मैग्नीशियम, मैंगनीज, कैल्शियम, सेलेनियम और आयरन आदि उच्च मात्रा में होते हैं। ये सभी घटक हमारे शरीर के लिए बहुत ही आवश्यक होते हैं। आप आम को कच्चे, पके हुए या आम के जूस के रूप में सेवन कर सकते हैं।
2. संतरा (Orange)
गर्मी में अधिक पसीना आने के कारण शरीर में पोटेशियम की कमी हो सकती है। जिससे मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द हो सकता है। लेकिन यदि पर्याप्त मात्रा में संतरे का सेवन किया जाए तो यह पोटेशियम की कमी को दूर करने के साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखता है। संतरा में लगभग 80 प्रतिशत पानी होता है। इसलिए गर्मी के दौरान आप शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए संतरे और संतरे के जूस का सेवन कर सकते हैं।
3. तरबूज (Watermelon)
तरबूज का सेवन करने से पानी की भरपूर मात्रा मिलने के कारण आपकी भूख को भी नियंत्रित किया जा सकता है। तरबूज में लाइकोपीन (lycopene) नामक एक सक्रिय घटक होता है जो त्वचा की कोशिकाओं को सूरज की क्षति से बचाता है।
4. अंगूर (Grapes)
अंगूर में कार्बोहाइड्रेट, प्राकृतिक चीनी, घुलनशील और अघुलनशील फाइबर, सोडियम, विटामिन और अन्य खनिज पदार्थों की अच्छी मात्रा होती है। इन पोषक तत्वों की मौजूदगी के साथ ही गर्मी के प्रभाव को कम करने की क्षमता अंगूर में होती है। इसलिए आप गर्मी के दौरान खाए जाने वाले फलों में में अंगूर को शामिल कर सकते हैं। अंगूर एक ऐसा फल है जो शरीर को ठंडा रखने के साथ ही शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करता है।
5. आलूबुखारा (Plum)
आलूबुखारा में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है जो पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन C गर्मी के दिनों में संक्रामक रोगों की रोकथाम करने में भी सहायक होता है। नियमित रूप से सेवन करने के दौरान यह प्रतिरक्षा शक्ति को भी बढ़ाने में सहायक होता है। आप आलूबुखारा को गर्मियों में खाए जाने वाले फलों की सूची में शामिल कर सकते हैं।
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें। स्पोर्ट्सकीड़ा हिंदी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।