Asian Games 2018: भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, हांगकांग को 26-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराया

एशिया कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हांगकांग को 26-0 के रिकॉर्ड अंतर से हरा दिया। इससे पहले भारत ने 86 साल पहले 1932 ओलम्पिक में अमेरिका को 24-1 कड़ी शिकस्त दी थी। एशियाई खेलों में पाकिस्तान के नाम 17-0 का रिकॉर्ड दर्ज था लेकिन भारत ने उसे बहुत पीछे छोड़ते हुए एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित करते हुए एक नया इतिहास रच दिया। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और रुपिंदर पाल सिंह ने 4-4 गोल दागे। उनके अलावा अक्षदीप सिंह ने हैट्रिक बनाई। मनप्रीत सिंह और वरुण कुमार ने 2-2 गोल किये। दिप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, मनदीप सिंह और चिंगलेनसना कंगुजम, अमित रोहिदास और एसवी सुनील ने 1-1 गोल दागकर भारत की इस बड़ी जीत में अपना अहम योगदान दिया। विपक्षी टीम शुरुआत से ही मुकाबले में नजर नहीं आई। भारत ने चारों क्वार्टर में अपना दबदबा कायम रखा। लगातार आक्रमण से शुरू हुआ खेल अंत तक ताबड़तोड़ ही चलता रहा और 26-0 का बड़ा स्कोर बनाने से उन्हें हांगकांग की टीम नहीं रोक पाई। इससे पहले भी भारत ने इंडोनेशिया को 17-0 के बड़े अंतर से हराया था। टीम इंडिया शानदार लय में नजर आ रही है और सभी इस टीम को गोल्ड मेडल की प्रमुख दावेदार के रूप में देख रहे हैं। सभी अन्य टीमों के लिए भारत से पार पाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है और इस जीत से टीम के हौसले और ज्यादा बुलंद होंगे।