कॉमनवेल्थ खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान, मनप्रीत सिंह की कप्तान के रूप में हुई वापसी 

मनप्रीत सिंह, पीआर श्रीजेश जैसे अनुभवी नाम टीम का हिस्सा बनाए गए हैं।
मनप्रीत सिंह, पीआर श्रीजेश जैसे अनुभवी नाम टीम का हिस्सा बनाए गए हैं।

28 जुलाई 2022 से बर्मिंघम, इंग्लैंड में शुरु हो रहे 22वें कॉमनवेल्थ खेलों के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। हॉकी इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में मनप्रीत सिंह की अगुवाई में टीम के खिलाड़ियों की घोषणा की गई है।

भारतीय टीम को पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल तक ले जाने में अहम भूमिका निभाने वाले मनप्रीत की कप्तानी पर हॉकी इंडिया ने फिर भरोसा दिखाया है। हाल ही में FIH प्रो हॉकी लीग में सर्वाधिक गोल कर भारत का कैंपेन तीसरे स्थान पर खत्म करवाने वाले ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को उप-कप्तान बनाया गया है।

गोलकीपर के रूप में अनुभवी पीआर श्रीजेश के साथ ही कृष्ण पाठक को भी टीम में जगह दी गई है जो पिछले कुछ समय से चोटिल थे। वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जर्मनप्रीत सिंह टीम के डिफेंडर के रूप में शामिल किए गए हैं। वहीं कप्तान मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर, शमशेर सिंह, आकाशदीप और नीलकांता शर्मा मिडफील्ड को संभालने के लिए नामित हुए हैं। मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह, अभिषेक सिंह फॉरवर्ड लाइन के लिए टीम का हिस्सा बने हैं।

ग्राहम रीड टीम के कोच के रूप में कॉमनवेल्थ खेलों में भी दिशा-दशा तय करेंगे।
ग्राहम रीड टीम के कोच के रूप में कॉमनवेल्थ खेलों में भी दिशा-दशा तय करेंगे।

साल 2018 में हुए गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय टीम को चौथा स्थान हासिल कर निराशा मिली थी। इस बार कुल 10 टीमें खेलों में भाग ले रही हैं और इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। इंग्लैंड, कनाडा, घाना और वेल्स के साथ भारतीय टीम को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ग्रुप बी में जगह दी गई है। टीम इंडिया 31 जुलाई को अपने अभियान की शुरुआत घाना के खिलाफ करेगी। 1 अगस्त को इंग्लैंड के साथ भारत का मैच होगा, जबकि 3 अगस्त को कनाडा की टीम के साथ मैच होगा। 4 अगस्त को वेल्स के साथ मुकाबले के बाद ग्रुप में भारत की रैंकिंग निर्धारित होगी। दोनों ग्रुप से टॉप 2-2 टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच होगा। 7 अगस्त को फाइनल खेला जाएगा।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar