Pro Kabaddi 2023: दूसरे सीजन की चैंपियन टीम ने PKL 10 के लिए कप्तान का किया ऐलान, दो खिलाड़ियों को बनाया उपकप्तान

Pro Kabaddi 2023
Pro Kabaddi 2023 के लिए U Mumba ने किसे बनाया अपना कप्तान? (Photo: PKL)

Pro Kabaddi 2023: प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi 2023) के लिए लगातार टीमें अपने कप्तान और उपकप्तान का ऐलान कर रही हैं। इस कड़ी में अब दूसरे सीजन की चैंपियन टीम यू मुंबा (U Mumba) का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने 10वें सीजन के लिए कप्तान और दो उपकप्तानों का ऐलान किया है।

एक तरफ सुरिंदर सिंह को एक बार फिर टीम की कप्तानी दी है, दूसरी तरफ रिंकू शर्मा और महेंदर सिंह को उपकप्तान बनाया गया है। आपको बता दें कि PKL 9 में भी सुरिंदर सिंह ने ही यू मुंबा की कप्तानी की थी। हाल ही में यू मुंबा ने एक इवेंट के दौरान अपनी जर्सी लॉन्च की और साथ ही Pro Kabaddi 2023 के लिए अपने कप्तान का भी ऐलान किया।

सुरिंदर सिंह की कप्तानी में यू मुंबा ने पिछले सीजन प्रभावित तो किया था, लेकिन वो प्ले-ऑफ में पहुंचने में कामयाब नहीं हुए थे। उन्होंने 22 में से 10 मैच जीते थे और 12 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 56 अंकों के साथ वो अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहे थे।

Pro Kabaddi 2023 में क्या दूसरी बार चैंपियन बनेगी U Mumba?

यू मुंबा ने आगामी सीजन के लिए हुए ऑक्शन में अच्छा काम किया था। टीम में युवा और अनुभव का अच्छा मिश्रण दिखाई दे रहा है। एक तरफ रेडिंग में टीम के पास गुमान सिंह, जय भगवान, हैदरअली इकरामी, अलीरेज़ा मीरज़ेन जैसे विकल्प हैं। डिफेंस में टीम के पास सुरिंदर सिंह, रिंकू, महेंदर सिंह, गिरीश मारुती एर्नाक जैसे डिफेंडर्स मौजूद हैं।

पिछले सीजन की तुलना में इस बार टीम काफी ज्यादा संतुलित दिखाई दे रही है। इसी वजह से उनसे Pro Kabaddi 2023 में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। सुरिंदर सिंह के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होने वाली है और देखना होगा कि वो टीम को दूसरी बार PKL का खिताब जिता पाते हैं या नहीं।

यू मुंबा की टीम ने सीजन 2 में PKL जीता था। इसके बाद टीम तीसरे सीजन में फाइनल खेली थी और इसके बाद से ही टीम आजतक फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। इस बीच पिछले दोनों सीजन में टीम ने प्ले-ऑफ तक के लिए क्वालीफाई नहीं किया। Pro Kabaddi 2023 में मुंबई अच्छा नहीं करती है, तो यह काफी निराशाजनक बात होगी।

PKL के 10वें सीजन में यू मुंबा अपने अभियान की शुरुआत 2 दिसंबर को करने वाली है। उनका पहला मुकाबला यूपी योद्धाज के खिलाफ अहमदाबाद में होने वाला है। उनकी कोशिश जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत करने पर होगी।

Quick Links