Pro Kabaddi 2023-24: दिग्गज ने रचा इतिहास, दबंग दिल्ली के कप्तान ने जबरदस्त सुपर 10 लगाते हुए टीम को दिलाई जीत 

Pro Kabaddi 2023-24
Pro Kabaddi 2023-24 में दबंग दिल्ली की जबरदस्त जीत (Photo: PKL)

Pro Kabaddi 2023-24: दबंग दिल्ली केसी ने प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi 2023-24) के 63वें मैच में यू मुंबा को 40-34 से हराया। यह दिल्ली की इस सीजन सातवीं जीत है और वो पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। यू मुंबा की यह चौथी हार है और वो 5वें स्थान पर हैं।

दबंग दिल्ली के लिए Pro Kabaddi 2023-24 के इस मैच में रेडिंग में आशु मलिक ने सुपर 10 लगाते हुए 13 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में योगेश ने सबसे ज्यादा 4 टैकल पॉइंट्स लिए। यू मुंबा के लिए रेडिंग में गुमान सिंह और आमिरमोहम्मद ज़फरदानेश ने 9-9 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में सुरिंदर सिंह और बिट्टू ने 2-2 टैकल पॉइंट्स लिए।

Pro Kabaddi 2023-24 में दबंग दिल्ली के विशाल भारद्वाज ने रचा इतिहास

दबंग दिल्ली के उपकप्तान विशाल भारद्वाज ने इतिहास रच दिया है और Pro Kabaddi 2023-24 के इस मैच के जरिए लीग में अपने 300 टैकल पॉइंट्स लिए। वो ऐसा कारनामा करने वाले 11वें डिफेंडर बने हैं।

दबंग दिल्ली ने पहले हाफ के बाद 20-18 से बढ़त बनाई। शुरुआत में जरूर दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी पर चला था, लेकिन जल्द ही दबंग दिल्ली केसी ने दबाव यू मुंबा के ऊपर डाला। शानदार रेडिंग-डिफेंस के दम पर दिल्ली ने मुंबई को ऑल-आउट के करीब पहुंचाया और आखिरकार 8वें मिनट में पहली बार मुंबा ऑल-आउट हुई। यू मुंबा की टीम ज्यादा पिछड़ी नहीं रही और रेडर्स के दम पर मुंबई ने पलटवार किया और इसी वजह से दिल्ली की टीम बैकफुट पर गई। 20 मिनट खत्म होने तक दिल्ली की लीड काफी कम हो गई और उनके ऊपर ऑल-आउट का खतरा मंडराने लगा था।

यू मुंबा ने दूसरे हाफ की जबरदस्त शुरुआत की और 22वें मिनट में आशु सिंह को टैकल करते हुए दबंग दिल्ली केसी को पहली बार ऑल-आउट किया। यहां से मुंबई ने बढ़त बनाने का प्रयास किया और कुछ देर के लिए दिल्ली को मुश्किलों में डाला, लेकिन कप्तान आशु मलिक के जबरदस्त सुपर 10 की बदौलत दिल्ली ने खुद को मैच में बनाए रखा। मुकाबला काफी ज्यादा रोमांचक हो गया था और 35वें मिनट के बाद दोनों टीमों के बीच स्कोर एकदम बराबरी पर था।

दिल्ली ने काफी सही समय पर मैच में पकड़ बनाई और 37वें मिनट में यू मुंबा को दूसरी बार ऑल-आउट करते हुए मैच में 5 पॉइंट्स की लीड बनाई। मुंबई ने काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली और दबंग दिल्ली ने इस मैच को जीत लिया। मुंबई को सिर्फ एक अंक मिला।

Quick Links