"मैं Pro Kabaddi 2023 में Pawan Sehrawat को यू मुंबा में देखना चाहता हूं"- युवा रेडर ने दिया बड़ा बयान 

जय भगवान सीजन 10 में यू मुंबा का हिस्सा होंगे।
जय भगवान PKL 10 में यू मुंबा का हिस्सा होंगे (Photo: Pro Kabaddi 2023)

Pro Kabaddi 2023: यू मुंबा (U Mumba) ने जय भगवान (Jai Bhagwan) को पिछले सीजन के ऑक्शन में 10 लाख रुपये में खरीदा था। यू मुंबा से खेलते हुए उन्होंने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से सभी को काफी ज्यादा प्रभावित किया था। इसी वजह से दूसरे सीजन की चैंपियन टीम ने उन्हें आगामी सीजन के लिए रिटेन किया। Pro Kabaddi 2023 के लिए उन्होंने अपनी टीम के लिए इच्छा भी व्यक्त की है।

Sportskeeda को दिए इंटरव्यू में जय भगवान ने कई मुद्दों को लेकर बात की, जिसमें उन्होंने अपने प्रदर्शन के अलावा आगामी ऑक्शन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि वो पवन सेहरावत को यू मुंबा में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा,

"मैं अपने डिफेंस के ऊपर काम कर रहा हूं, क्योंकि आपको रेडिंग के साथ डिफेंस में भी अपना योगदान देना चाहिए। मैं पवन सेहरावत को यू मुंबा में चाहता हूं। वो काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं और हाल ही में उन्होंने चोट से ठीक होकर भारत के लिए भी काफी ज्यादा अच्छा किया है।"

जय भगवान इसी साल हुए जूनियर वर्ल्ड कबड्डी चैंपिनयनशिप में भारतीय टीम के लिए खेले थे। इसमें भारत ने ईरान को फाइनल में हराते हुए खिताबी जीत दर्ज की थी। मुंबा के रेडर ने भारत के लिए खेलने को लेकर कहा,

"मेरे लिए बड़ी खुशी की बात है कि मुझे जूनियर कबड्डी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम से खेलने का मौका मिला। हमारा प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है और इस टूर्नामेंट में हमने स्वर्ण पदक जीता। दबाव की स्थिति में हमें वही करना था जो हमारे कोच ने कहा था। उन्होंने हमसे कहा था कि हम सर्वश्रेष्ठ टीम हैं और हमें इसी तरह खेलना चाहिए। हमें मौका मिला और हमने अच्छा किया।"

Pro Kabaddi 2023 में U Mumba के लिए एक बार फिर खेलने को लेकर जय भगवान ने क्या कहा?

Pro Kabaddi के पिछले सीजन में जय भगवान ने यू मुंबा के लिए 19 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 82 पॉइंट्स हासिल किए थे। इसमें रेडिंग में 75 और डिफेंस में 7 टैकल पॉइंट्स शामिल थे। साथ ही जय भगवान ने 1 सुपर 10 भी लगाया। उनके प्रदर्शन के कारण ही यू मुंबा ने एक बार फिर उनके ऊपर विश्वास जताया है और अपनी टीम में शामिल किया। जय को भी खुशी है कि उन्हें एक बार फिर मुंबई के लिए खेलने का मौका मिल रहा है।

यू मुंबा के लिए Pro Kabaddi 2023 में खेलने को लेकर जय भगवान ने कहा,

मैं बहुत उत्साहित हूं। पिछले सीजन में खेलने का मौका मिला और Pro Kabaddi 2023 में और बेहतर करना चाहूंगा। मैं इसके लिए अच्छे से तैयारी कर रहा हूं। मैंने जब से कबड्डी खेलना शुरू किया था तब से ही मैं यू मुंबा के लिए खेलना चाहता था। मैं मुंबई के लिए अच्छा करना चाहता था और मुझे मौके भी मिले। मैंने खुद भी अच्छा करने की कोशिश की है।"

Quick Links

App download animated image Get the free App now