Pro Kabaddi 2023 में पूर्व चैंपियन टीम ने की घरेलू लेग की धमाकेदार शुरुआत, पहला मैच खेल रहे खिलाड़ी ने मचाया धमाल 

Pro Kabaddi 2023
Pro Kabaddi 2023 में यू मुंबा ने की अपने होम लेग की धमाकेदार शुरुआत

Pro Kabaddi 2023: दूसरे सीजन की चैंपियन टीम यू मुंबा ने प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi 2023) में अपने होम लेग की धमाकेदार शुरुआत की और पहले मैच में बेंगलुरु बुल्स को 40-35 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ यू मुंबा 5वें स्थान पर आ गई है और बेंगलुरु बुल्स आठवें स्थान पर बनी हुई है।

पहले हाफ के बाद यू मुंबा ने बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ 19-10 से बढ़त बनाई। यू मुंबा ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया और इसी वजह से वो बुल्स को 7वें मिनट में ही लोना देने में कामयाब हुए। बेंगलुरु बुल्स ने भी वापसी का प्रयास किया और वो यू मुंबा को ऑल-आउट करने के करीब भी आए, लेकिन वो मौके का फायदा उठाने में बिल्कुल भी कामयाब नहीं हुए। बुल्स के लिए उनके स्टार रेडर भरत नहीं चले। इसी वजह से 20 मिनट के बाद मुंबई की टीम 9 पॉइंट्स की बढ़त बनाने में कामयाब हुई थी।

यू मुंबा ने दूसरे हाफ में भी पूरी तरह से दबाव बेंगलुरु बुल्स के ऊपर डाला और उन्हें ऑल-आउट के करीब पहुंचाया। इस बीच सुशील ने आकर पहले रेडिंग में अपनी टीम को बचाया और फिर अमन ने आमिरमोहम्मद ज़फरदानेश को सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम की वापसी कराने की कोशिश की। हालांकि, मुंबई ने ज्यादा देर तक बुल्स को दबदबा बनाने नहीं दिया और जल्द ही उन्हें दूसरी बार ऑल-आउट करते हुए मैच में अपनी जीत को सुनिश्चित किया। इस बीच बुल्स के सामने Pro Kabaddi 2023 के इस मैच से एक पॉइंट लेने की चुनौती थी।

पहले सुरजीत सिंह और फिर सचिन नरवाल ने जबरदस्त सुपर रेड करते हुए मुंबई के 3-3 खिलाड़ियों को आउट किया। इसी वजह से मुंबई के ऊपर लोना का खतरा मंडराने लगा था और मैच की आखिरी रेड में बुल्स ने मुंबई को पहली बार ऑल-आउट करने में कामयाबी पाई। इसी के साथ मुंबई ने जीत दर्ज की और 5 महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। दूसरी तरफ बुल्स को एक अंक मिला।

Pro Kabaddi 2023 में पहला मैच खेल रहे खिलाड़ी ने मचाया धमाल

यू मुंबा के लिए Pro Kabaddi 2023 के इस मैच में रेडिंग में गुमान सिंह ने सबसे ज्यादा 7 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में अपना पहला मैच खेल रहे बिट्टू ने हाई 5 लगाते हुए 6 टैकल पॉइंट्स लिए। बेंगलुरु बुल्स के लिए रेडिंग में सुशील ने सबसे ज्यादा 6 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में कप्तान सौरभ नांदल ने 4 टैकल पॉइंट्स लिए।

Quick Links

App download animated image Get the free App now