PKL 9 में गत विजेता दबंग दिल्ली की धमाकेदार शुरुआत, नवीन कुमार ने कप्तानी करते हुए पहले मैच में ही मचाया जबरदस्त धमाल

PKL 2022
PKL 9 में दबंग दिल्ली की जबरदस्त शुरुआत (Photo: Pro Kabaddi League)

प्रो कबड्डी लीग (Pro Kabaddi League) के 9वें सीजन (PKL 2022) के पहले मुकाबले में गत विजेता दबंग दिल्ली (Dabang Delhi) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए यू मुंबा (U Mumba) को 41-27 से हराया। यू मुंबा को इस मैच से एक भी अंक नहीं मिला। इस मैच में दबंग दिल्ली के लिए जीत के हीरो उनके कप्तान नवीन कुमार (Naveen Kumar) रहे, जिन्होंने सुपर 10 लगाया।

दबंग दिल्ली के लिए नवीन कुमार को आशु मलिक (7), विशाल (4), संदीप ढुल (4) और कृष्णा (4) से बहुत अच्छा समर्थन मिला। मुंबई की हार का मुख्य कारण उनका डिफेंस रहा, जिन्होंने पहले हाफ में काफी निराश किया।

पहले हाफ के बाद दबंग दिल्ली ने यू मुंबा के खिलाफ 19-10 की बढ़त बनाई। PKl 9 का पहला पॉइंट यू मुंबा के गुमान सिंह रेड करते हुए लाए और इसके बाद नवीन कुमार ने भी अपनी टीम का खाता खोला। डिफेंस में पहला पॉइंट दबंग दिल्ली के संदीप ढुल ने हासिल किया और उन्होंने आशीष को आउट किया। दबंग दिल्ली ने जबरदस्त प्रदर्शन दिखाते हुए 8वें मिनट में यू मुंबा को पहली बार ऑल-आउट किया। दबंग दिल्ली ने अच्छी बढ़त जरूर बनाई हुई थी, लेकिन यू मुंबा ने भी वापसी का अच्छा प्रयास किया। मुंबा की टीम एक बार भी नवीन कुमार को टैकल नहीं कर पाई। नवीन कुमार ने पहले हाफ में 7 पॉइंट्स हासिल किए, उनके अलावा डिफेंस में कृष्णा ने तीन, संदीप ढुल और विशाल ने 2-2 अंक हासिल किए। यू मुंबा के लिए गुमान सिंह और आशीष ने 3-3 अंक हासिल किए।

यू मुंबा ने दूसरे हाफ की शुरुआत में दो पॉइंट्स हासिल किए , लेकिन जल्द ही दबंग दिल्ली ने कंट्रोल अपने हाथ में लिया ओर अपनी बढ़त में भी इजाफा किया। दिल्ली की टीम एक बार फिर मुंबई को ऑल-आउट करने के करीब आए थे, लेकिन मुंबा के डिफेंस ने लगातार दो बार मैच में नवीन कुमार को सुपर टैकल के जरिए आउट किया। मैच के 32वें मिनट में नवीन कुमार ने दो रेड पॉइंट्स हासिल करते हुए इस सीजन का अपना सुपर 10 पूरा किया और फिर 33वें मिनट में दिल्ली ने दूसरी बार मुंबई को ऑल-आउट किया। अंत में दबंग दिल्ली ने आसानी से इस मैच को जीत लिया और मुंबा की टीम हार के अंतर को 7 या उससे नीचे रखने में कामयाब नहीं हुई। दबंग दिल्ली को इस जीत से आत्मविश्वास मिला होगा, तो दूसरी तरफ यू मुंबा को काफी सुधार की जरूरत है।

Quick Links

Edited by मयंक मेहता
Be the first one to comment