PKL 8 में नवीन कुमार ने इतिहास रचते हुए कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे, एक और सुपर 10 लगाते हुए टीम को दिलाई जीत

PKL 8 में नवीन कुमार ने इतिहास रचते हुए कई खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे (Photo: Pro Kabaddi League)
PKL 8 में नवीन कुमार ने इतिहास रचते हुए कई खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे (Photo: Pro Kabaddi League)

प्रो कबड्डी लीग, पीकेएल (Pro Kabaddi League, PKL) के 7वें मुकाबले में दबंग दिल्ली (Dabang Delhi) ने यू मुंबा (U Mumba) को 31-27 से हराते हुए PKL के इस सीजन का लगातार दूसरा मैच जीता। उनकी जीत में एक बार फिर नवीन कुमार (17 पॉइंट्स) ने अहम भूमिका निभाई।

PKL 8 में नवीन कुमार ने रचा इतिहास

दबंग दिल्ली के स्टार रेडर नवीन कुमार ने इतिहास रच दिया है और वो PKL में सबसे तेज 500 रेड पॉइंट्स पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा 47वें मैच में किया और उनसे पहले यह रिकॉर्ड बंगाल वॉरियर्स के कप्तान मनिंदर सिंह के नाम था। नवीन कुमार ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा।

पहले हाफ के बाद यू मुंबा ने 12-10 से बढ़त बना ली थी। यू मुंबा ने मैच की शुरुआत अच्छी की और जल्द ही 5 पॉइंट्स हासिल भी किए। दिल्ली की टीम भी पीछे नहीं रही और जल्द ही उन्होंने दोनों टीमों के बीच के अंतर को कम किया। नवीन कुमार को जरूर अपने पहले पॉइंट के लिए इंतजार करना पड़ा, लेकिन जल्द ही उन्होंने लय हासिल करते हुए 4 पॉइंट्स लिए और यू मुंबा को ऑलआउट के करीब धकेला। हालांकि मुंबा के लिए शिवम जब अकेले रहे गए थे तब उन्होंने पहले जोगिंदर नरवाल को अपनी रेड में आउट किया और फिर नीरज कुमार को सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम को ऑलआउट होने से बचाया।

यू मुंबा ने दूसरे हाफ की शुरुआत जबरदस्त तरीके से की और 24वें मिनट में दबंग दिल्ली को मैच में पहली बार ऑलआउट किया। नवीन कुमार ने अपनी टीम को जबरदस्त तरीके से वापसी कराई और लगातार रेड और टैकल में भी पॉइंट्स लिए। दिल्ली की टीम एक बार फिर मुंबई को ऑलआउट करने के करीब आई और इस बार वो कामयाब हुए। यू मुंबा को दबंग दिल्ली ने 30वें मिनट में ऑलआउट किया। नवीन कुमार ने 33वें मिनट में अपना इस सीजन का लगातार दूसरा और अपने करियर का 32वां सुपर 10 पूरा किया। यू मुंबा ने लेकिन दिल्ली की टीम को ज्यादा आगे नहीं निकलने दिया और खुद को मैच में पूरी तरह से बनाए रखा। हालाकि नवीन ने सुपर रेड करते हुए तीन पॉइंट्स किए और जबरदस्त तरीके से दिल्ली की बढ़त में इजाफा किया। अंत में दबंग दिल्ली ने 4 के अंतर से इस मैच को जीत लिया और मुंबा की टीम को एक अंक से संतुष्ट होना पड़ा।

यू मुंबा के लिए वी अजीत कुमार (7) और शिवम (6) ने सबसे ज्यादा पॉइंट्स हासिल किए। दबंग दिल्ली के लिए उनके कप्तान जोगिंदर नरवाल ने सबसे ज्यादा 4 टैकल पॉइंट्स भी हासिल किए। यू मुंबा के लिए डिफेंस में मोहसेन मघसौदलू ने सबसे ज्यादा 3 पॉइंट्स लिए।

Quick Links