भारतीय हॉकी टीम Paris Olympics 2024 में आज करेगी अपने अभियान का आगाज, IND vs NZ हेड टू हेड आंकड़े

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा हॉकी मैच
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा हॉकी मैच

India vs New Zealand Hockey : भारतीय हॉकी टीम पेरिस ओलंपिक 2024 में आज से अपने अभियान का आगाज करेगी। भारतीय टीम का पहला मैच न्यूजीलैंड से होगा। भारत के समयानुसार यह मुकाबला रात 9 बजे से खेला जाएगा। भारत ने पिछली बार टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और 40 साल बाद हॉकी में भारत को कोई ओलंपिक मेडल मिला था। टीम इंडिया चाहेगी कि इस बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया जाए, जिस पर एक समय भारतीय हॉकी का ही कब्जा रहता था।

भारत की हॉकी टीम काफी मजबूत दिखाई दे रही है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह का यह तीसरा ओलंपिक होगा। इसके अलावा पीआर श्रीजेश समेत कई और अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। हालांकि कई सारे यंग प्लेयर्स भी इस टीम में हैं। कुल मिलाकर पांच खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अपना पहला ओलंपिक खेलने जा रहे हैं। इसलिए हम कह सकते हैं भारत की हॉकी टीम में युवा और अनुभव का अच्छा मिश्रण है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेड टू हेड आंकड़े

अगर न्यूजीलैंड के साथ टीम इंडिया के हेड टू हेड आंकड़ों की बात करें तो अभी तक कुल मिलाकर 105 मैच इन दोनों टीमों के बीच हुए हैं। इस दौरान भारतीय हॉकी टीम का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 58 मैच जीते हैं और न्यूजीलैंड को सिर्फ 30 ही मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच 17 मैच ड्रॉ पर भी समाप्त हुए हैं। ओलंपिक में भी भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है। अभी तक दोनों टीमों ने आपस में कुल 8 मैच ओलंपिक में खेले हैैं, जिसमें से 5 मैचों में भारत ने जीत हासिल की है और 3 मुकाबलों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है।

आपको बता दें कि ओलंपिक में एक समय भारतीय हॉकी का पूरी तरह से दबदबा था और भारतीय टीम लगातार ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतती थी। ओलंपिक में सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल भारत ने हॉकी में ही जीता है। भारतीय टीम ने हॉकी में अभी तक ओवरऑल कुल मिलाकर 8 गोल्ड अपने नाम किया है। इसके अलावा एक सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल भी जीते हैं। भारत ने आखिरी बार 1980 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now