आसमान में मिला सम्मान, भारत में उतरते ही जोरदार डांस; Paris Olympics में ब्रॉन्ज जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का ऐसे हुआ स्वागत

Sneha
हॉकी टीम की वतन वापसी हो चुकी है (Photo Credit - X/@TheHockeyIndia)
हॉकी टीम की वतन वापसी हो चुकी है (Photo Credit - X/@TheHockeyIndia)

Indian Mens Hockey Team Grand Welcome: पेरिस ओलंपिक में भारतीय मेंस हॉकी टीम का दमदार खेल देखने को मिला और लगातार दूसरी बार ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम करने में कामयाब रही। मेंस हॉकी का ब्रॉन्ज मेडल मैच भारत और स्पेन की टीम के बीच खेला गया। इस मैच में भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। ओलंपिक के इतिहास में भारत का ये कुल 13वां मेडल है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम अपने देश लौट आई है, जहां उनका शानदार स्वागत हुआ।

भारतीय हॉकी टीम का भव्य स्वागत

ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता भारतीय पुरूष हॉकी टीम के खिलाड़ियों का शनिवार की सुबह पेरिस से दिल्ली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और टीम का फूलों की मालाओं और ढोल ताशे के साथ इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। टीम के स्वागत के ल‍िए एयरपोर्ट के बाहर फैंस भी मौजूद थे। हॉकी टीम के ख‍िलाड़‍ियों ने एयरपोर्ट के लॉन्ज से बाहर न‍िकलने के बाद भांगड़े की थाप पर डांस भी किया। इस दौरान कप्तान समेत सभी खिलाड़ी काफी खुश नजर आए।

फ्लाइट में भी मना जीत का जश्न

भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ज‍िस एयर इंड‍िया की फ्लाइट से दिल्ली आए, उसका भी एक वीडिया सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि फ्लाइट में भी भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस दौरान फ्लाइट के क्रू ने टीम की ब्रॉन्ज मेडल जीतने की उपलब्ध‍ि के बारे में भी बताया।

टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने स्वदेश लौटकर कहा, 'मेडल तो मेडल होता है और देश के लिए इसे जीतना बहुत बड़ी बात है। हमने फाइनल में पहुंचने और गोल्ड जीतने की कोशिश की, लेकिन हमारा सपना पूरा नहीं हुआ। हालांकि, हम खाली हाथ नहीं लौटे हैं, लगातार मेडल जीतना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। हमें जो प्यार मिला है, वह बहुत बड़ी बात है। मैं भारत सरकार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और ओडिशा सरकार को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हमें जो प्यार मिल रहा है, वह हमारी जिम्मेदारी को दोगुना कर देता है, हम जब भी खेलेंगे, देश के लिए मेडल जीतने की कोशिश करेंगे।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now