पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए मेडल की नई उम्मीद मनिका बत्रा, मॉडलिंग को छोड़ टेबल टेनिस का थामा था हाथ

Sneha
who is Manika Batra
मनिका बत्रा (Photo Credit - Instagram/manikabatra.15)

Manika Batra life story: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत की झोली में अभी तक सिर्फ 1 मेडल ही आया है। लेकिन टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा भारत के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आई हैं। मनिका बत्रा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में टेबल टेनिस में इतिहास रच दिया है। मनिका बत्रा ओलंपिक में राउंड ऑफ 16 में पहुंच गई हैं। बता दें, ओलंपिक में राउंड ऑफ 16 में जगह बनाने वाली मनिका बत्रा पहली भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। ऐसे में अब उनसे मेडल की काफी उम्मीद बढ़ गई है।

मनिका बत्रा का राउंड ऑफ 32 में धमाकेदार प्रदर्शन

राउंड ऑफ 32 में मनिका बत्रा का मुकाबला फ्रांस की प्रिथिका पावड़े से हुआ। मनिका वर्ल्ड रैंकिंग में 28वें स्थान पर हैं और प्रिथिका रैंकिंग में 18वें नंबर पर हैं। इसके बावजूद मनिका बत्रा ने सभी को चौंकाते हुए मुकाबला जीता। पहले गेम में मनिका बत्रा ने 11-9 से जीत हासिल की। दूसरे गेम में 11-6 से बाजी मारी। मनिका बत्रा का दमदार खेल जारी रहा और तीसरा गेम 11-9 से अपने नाम किया। वहीं, चौथे गेम में 11-7 से जीत दर्ज कर मनिका बत्रा ने इतिहास रच दिया।

टेबल टेनिस के लिए मॉडलिंग का ऑफर ठुकराया

मनिका बत्रा का जन्म दिल्ली में हुआ था और उन्होंने छोटी उम्र में ही अपने भाई-बहनों के साथ टेबल टेनिस खेलना शुरू कर दिया था। वह अचंता शरत कमल को अपना आदर्श मानती थीं और 21 साल की उम्र में उनके नक्शेकदम पर चलते हुए ओलंपिक में पहुंचीं थीं।

हालांकि रियो 2016 में वह पहले ही दौर में बाहर हो गईं थीं। इसके बाद टोक्यो ओलंपिक-2020 में मनिका बत्रा ने इतिहास रचते हुए महिला एकल में राउंड ऑफ-32 में जगह बनाई थी। इस बार वह इससे भी आगे निकल गई हैं। मनिका बत्रा सबसे खूबसूरत महिला खिलाड़ियों में से एक हैं। ऐसे में किशोरावस्था में उन्हें मॉडलिंग के कई प्रस्ताव आए थे, लेकिन उन्होंने टेबल टेनिस के लिए इन प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

कितनी पढ़ी लिखी हैं मनिका बत्रा?

इस खिलाड़ी ने नई दिल्ली में स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज से पढ़ाई की है। लेकिन टेबल टेनिस में अपना करियर बनाने के लिए उन्होंने पहले ही साल में कॉलेज छोड़ दिया। 16 साल की उम्र में उन्होंने स्वीडन, यूरोप में पीटर कार्लसन अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए छात्रवृत्ति के लिए आवेदन भी किया था। हालांकि, उन्होंने बाद में छात्रवृत्ति लेने से मना कर दिया।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now