14 साल की उम्र में ही Paris Olympics 2024 की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर ने शुरू कर दी थी शूटिंग, खेल के साथ पढ़ाई में भी थीं होशियार

मनु भाकर
मनु भाकर की तस्वीरें ( photo credit: instagram/bhakermanu, x.com/India at Paris 2024 Olympics)

Manu Bhaker Educational Details: मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कमाल कर दिया है। भारत की बेटी मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल जीता और पेरिस ओलंपिक में भारत के पदकों का खाता खोला। फिर दो दिन बाद मिक्स्ड टीम इवेंट में मनु ने देश को दूसरा मेडल दिलाया। दरअसल तीन साल पहले टोक्यो में अपने ओलंपिक डेब्यू में मनु के हाथ निराशा लगी थी लेकिन उस निराशा को इस बार मनु ने दोगुनी जीत में बदल दिया। उन्होंने एक नहीं दो- दो पदक जीते। मनु भाकर पहली ऐसी भारतीय महिला है जिन्होंने एक ओंलपिक में 2 पदक जीते। मंगलवार को मनु और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर मिक्स्ड टीम में भी कांस्य पदक हासिल किया

आपको बता दें कि 16 साल की उम्र में मनु भाकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 19 साल की उम्र में ही टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने शिरकत की। फिर 22 साल की उम्र में पेरिस में जो तहलका उन्होंने मचाया है वो किसी से छिपा नहीं है। पर आपको अगर बताएं कि गेम्स के साथ-साथ मनु पढ़ाई में भी बहुत अच्छी हैं। उन्होंने पढ़ाई को कभी भी पीछे नहीं किया और आज भी मनु अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। वर्तमान में वह पंजाब यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में डिग्री कोर्स कर रही हैं। इसी कड़ी में आपको बताते हैं कि मनु की एजुकेशन डिटेल्स क्या हैं।

14 साल की उम्र में शुरू कर दी थी निशानेबाजी

ओलंपिक की डबल मेडिलिस्ट मनु भाकर को हमेशा से ही टेनिस, स्केटिंग और बॉक्सिंग जैसे खेलों में रुचि थी। 14 साल की उम्र से ही मनु ने निशानेबाजी करना शुरू कर दी थी। मनु भाकर ने अपनी स्कूली शिक्षा यूनिवर्सल पब्लिक सेकेंडरी स्कूल से की है और उसके बाद मनु भाकर ने 2021 में दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्री राम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ऑनर्स की पढ़ाई की। वहीं मनु भाकर इस समय पंजाब यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में डिग्री हासिल कर रही हैं।

खेलों के अलावा पहेली सुलझाने का भी है शौक

मनु को ब्यूनस आयर्स, अर्जेंटीना (2018) में आयोजित युवा ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक के रूप में चुना गया था। खेलों के अलावा, मनु संगीत, किताबें पढ़ना, पेंटिंग, स्केचिंग, डांस और पहेली सुलझाने का शौक रखती है।

हरियाणा की रहने वाली हैं मनु भाकर

मनु का जन्म 18 फरवरी, 2002 को हुआ था, और वह शूटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे होनहार युवा एथलीटों में से एक बन गई हैं। हरियाणा के झज्जर की रहने वाली वाली हैं। मनु भाकर, एक मशहूर भारतीय खेल निशानेबाज खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिस्टल शूटिंग में अपने असाधारण कौशल से अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है और पेरिस ओलंपिक 2024 में डबल मेडल लेकर इतिहास रच दिया है।

Quick Links

Edited by Priyam Sinha
App download animated image Get the free App now