लॉकडाउन में भी जमकर करवाई ट्रेनिंग, टोक्यो में रचा इतिहास, जानिए कौन हैं नीरज चोपड़ा के कोच?

The 19th Asian Games - Day 11
नीरज चोपड़ा के कोच के बारे में पूरी जानकारी

Neeraj Chopra Coach : भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एक और ओलंपिक मेडल की तैयारियों में जुटे हुए हैं। नीरज चोपड़ा का पूरा फोकस इस वक्त पेरिस ओलंपिक 2024 पर है। उन्होंने इसी वजह से पेरिस डायमंड लीग में भी हिस्सा नहीं लिया ताकि उन्हें किसी तरह की इंजरी ना होने पाए और वो ओलंपिक के लिए पूरी तरह से फिट रहें। नीरज चोपड़ा ओलंपिक के दौरान भारत की सबसे बड़ी उम्मीद होंगे। एक बार फिर पूरा भारत उनसे गोल्ड मेडल की ही उम्मीद करेगा।

किसी भी खिलाड़ी के करियर में उसके कोच की भूमिका काफी अहम होती है। एक कोच ही होता है जो एथलीट को समय-समय पर जरुरी सलाह और टिप्स देता है, जिससे वो सफलता हासिल कर पाए। नीरज चोपड़ा के कोच भी अपने काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। हम आपको बताते हैं कि नीरज चोपड़ा के कोच कौन हैं और कबसे ये दोनों साथ में काम कर रहे हैं।

जर्मनी के बायोमैकेनिक्स एक्सपर्ट हैं नीरज चोपड़ा के कोच

नीरज चोपड़ा के कोच इस वक्त डॉक्टर क्लॉस बार्टोनिट्ज़ हैं। ये दोनों टोक्यो ओलंपिक से ही साथ में काम कर रहे हैं। इससे पहले नीरज चोपड़ा ने Uwe Hohn के साथ काम किया था। इन दोनों का सफर 2018 से 2021 तक चला था। अगर बार्टोनिट्ज़ की बात करें तो वह जर्मनी के एक बायोमैकेनिक्स एक्सपर्ट हैं। Uwe Hohn के साथ वह भी नीरज चोपड़ा के ऊपर काम कर रहे थे। हालांकि Hohn ने इस्तीफा दिया तो फिर बार्टोनिट्ज़ ने पूरी तरह से नीरज चोपड़ा की जिम्मेदारी संभाल ली।

नीरज चोपड़ा ने Uwe Hohn के नेतृत्व में एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स दोनों में गोल्ड मेडल जीता था लेकिन इसके बावजूद नीरज चोपड़ा को लगा कि उनके लिए बदलाव जरुरी है। 2019 में जब नीरज चोपड़ा इंजरी का शिकार हुए थे तब बार्टोनिट्ज़ ने उनके साथ लगातार काम किया था ताकि वो ओलंपिक तक फिट हो जाएं। कोरोना की वजह से जब लॉकडाउन लगा तब भी बार्टोनिट्ज़ उनक साथ रहे और पूरे लॉकडाउन तक काम किया। टोक्यो ओलंपिक से पहले बार्टोनिट्ज़ ने काफी समय नीरज चोपड़ा के साथ बिताया था और इसका असर रिजल्ट पर भी देखने को मिला था। एक बार फिर इन दोनों की जोड़ी से उसी जादुई करिश्मे की उम्मीद रहेगी।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now