Paris Olympics 2024 में मिली हार से भारतीय दिग्गज हुआ निराश, मेडल नहीं जीत पाने के बाद किया बड़ा ऐलान

2024 Australian Open - Day 12 - Source: Getty
रोहन बोपन्ना ने किया संन्यास का ऐलान

Rohan Bopanna Retirement - पेरिस ओलंपिक 2024 में मिली हार से भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना काफी निराश हो गए हैं। उन्होंने बाहर होने के बाद बड़ा ऐलान किया है। रोहन बोपन्ना ने अब अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है। रोहन बोपन्ना ने अपने 22 साल के लंबे करियर को यहीं पर खत्म करने का फैसला लिया है।

रोहन बोपन्ना की अगर बात करें तो वह पेरिस ओलंपिक 2024 में टेनिस की मेंस डबल्स स्पर्धा में हिस्सा ले रहे थे। श्रीराम बालाजी के साथ मिलकर उन्होंने भारत की तरफ से चुनौती पेश की थी लेकिन फ्रांस की जोड़ी के खिलाफ इन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद रोहन बोपन्ना ने अपने संन्यास का ऐलान कर दिया।

भारत के लिए 22 साल तक खेलना गर्व की बात है - रोहन बोपन्ना

मैच हारने के बाद रोहन बोपन्ना ने कहा कि उन्होंने अब इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच खेल लिया है। बोपन्ना ने कहा,

मैंने भारतीय जर्सी में अपना आखिरी मुकाबला खेल लिया है। देश के लिए यह मेरा अंतिम मैच था। मैं समझ सकता हूं कि मैं किस स्थिति में हूं। मैं अब जब खेलूंगा, तब टेनिस का लुत्फ उठाऊंगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं 2 दशक तक भारत का प्रतिनिधित्व करूंगा। 2002 में अपने पदार्पण से और 22 साल बाद भी भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।

आपको बता दें कि रोहन बोपन्ना पिछले 22 साल से भारत के लिए टेनिस में खेल रहे थे। उन्होंने इस दौरान कई सारे खिताब जीते। रोहन बोपन्ना की उम्र 43 साल हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद वो टेनिस में मजबूती से डटे हुए थे। इससे पता चलता है कि वह कितने फिट प्लेयर थे। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी जीता था। हालांकि उनका ओलंपिक मेडल जीतने का सपना टूट गया।

टेनिस में भारत को कई सालों से ओलंपिक मेडल नहीं मिला है। साल 1996 में भारत ने पहली और आखिरी बार टेनिस में पदक जीता था। लिएंडर पेस ने भारत को कांस्य पदक दिलाया था। हालांकि उसके बाद से भारत को टेनिस में अपने दूसरे ओलंपिक मेडल का इंतजार है। इस बार भी भारत के हाथ निराशा लगी।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now