ओलंपिक से लेकर विश्व कप, साल 2022 में होने हैं ये बड़े खेल आयोजन 

साल 2022 में फुटबॉल, क्रिकेट विश्व कप समेत ओलंपिक जैसे खेल आयोजित होने वाले हैं।
साल 2022 में फुटबॉल, क्रिकेट विश्व कप समेत ओलंपिक जैसे खेल आयोजित होने वाले हैं।

साल 2022 खेलप्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। इस साल दुनियाभर में बड़े-बड़े खेल आयोजन होने वाले हैं, ऐसे में अगर आपकों खेलों में रुचि है तो आप साल भर बिजी रहने वाले हैं। क्रिकेट विश्व कप से लेकर फुटबॉल विश्व कप तक, देश और विदेश में लोकप्रिय खेलों के बड़े बड़े आयोजन इस साल होंगे। हालांकि कोविड-19 का संक्रमण यदि बढ़ता है तो संभव है कि इन खेलों के आयोजन में कुछ फेरबदल हो। फिलहाल आपको बताते हैं 2022 में आयोजित होने वाले सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के बारे में -

1) मल्टी स्पोर्ट्स ईवेंट

i) शीतकालीन ओलंपिक - बीजिंग (4 फरवरी 2022 से 20 फरवरी 2022)

शीतकालीन ओलंपिक खेलों के लिए तैयार मेडल्स का डिजाइन।
शीतकालीन ओलंपिक खेलों के लिए तैयार मेडल्स का डिजाइन।

2021 में टोक्यो में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का शानदार आयोजन किया गया था। अब फरवरी 2022 में 24वें शीतकालीन खेलों का आयोजन चीन की राजधानी बीजिंग में होगा। ग्रीष्माकीलन खेलों की तरह ही विंटर ओलंपिक भी हर 4 साल में आयोजित किए जाते हैं। भारत में इसकी लोकप्रियता अधिक नहीं है क्योंकि शीतकालीन खेलों के लिए कुछ ही राज्यों में मौसम और थोड़ी-बहुत सुविधाए हैं, लेकिन पश्चिमी देशों में खासकर शीतकालीन खेलों का महत्त्व ग्रीष्मकालीन खेलों के बराबर ही है। 2008 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक का सफल आयोजन करने के बाद बीजिंग 2022 के शीतकालीन ओलंपिक का भी बेहतरीन आयोजन करने की कोशिश में है। हालांकि ओलंपिक खेलों पर पहले ही ग्रहण लग चुका है। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया जैसे देश पहले ही चीन के मानवाधिकार रिकॉर्ड का हवाला देते हुए खेलों के आधिकारिक डिप्लोमेटिक बहिष्कार की घोषणा कर चुके हैं। इसका मतलब यह है कि देशों के खिलाड़ी तो खेलों में आएंगे लेकिन इन देशों से कोई भी सरकारी अधिकारी, या नेता बीजिंग में हो रहे खेलों में बतौर अतिथि शामिल नहीं होगा। खैर, 4 फरवरी से 20 फरवरी के बीच 15 खेलों में 109 श्रेणियों में स्पर्धाएं होंगी। आईस हॉकी, स्केटिंग, स्कीइंग जैसे खेल प्रमुख रूप से आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं 4 मार्च से 13 मार्च के बीच शीतकालीन पैरालंपिक खेल भी बीजिंग में आयोजित होंगे।

ii) राष्ट्रमंडल खेल - बर्मिंघम, इंग्लैंड ( 28 जुलाई 2022 से 8 अगस्त 2022)

22वें कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन जुलाई के महीने में बर्मिंघम में किया जाएगा। इतिहास में तीसरी बार इन खेलों का आयोजन इंग्लैंड में होगा। इससे पहले लंदन में 1934 और 2002 में मैनचेस्टर में इन खेलों का आयोजन हो चुका है। कॉमनवेल्थ में वैसे तो 72 देश आते हैं, लेकिन दिसंबर 2021 तक कुल 20 देशों ने ही इन खेलों में भाग लेने को हामी भरी है जिनमें भारत भी शामिल है। कोविड-19 का असर फिलहाल यूरोपीय देशों में काफी देखने को मिल रहा है, ऐसे में आने वाले 7 महीनों में क्या स्थिति बनती है उसपर भी काफी कुछ निर्भऱ करेगा। कुल 22 खेलों में 283 स्पर्धाएं खेली जाएंगी। पहली बार महिला क्रिकेट टी20 का आयोजन भी बर्मिंघम में किया जाएगा।

iii) एशियाई खेल - हांगजाओ, चीन (10 सितंबर 2022 से 25 सितंबर 2022)

साल का तीसरा बड़ा मल्टी स्पोर्ट आयोजन 19वें एशियन गेम्स के रूप में चीन में होगा। सितंबर के महीने में दुनिया के सबसे बड़े महाद्वीप एशिया के देश खेलों में अपना दम-खम दिखाने के लिए सामने आएंगे। चीन तीसरी बार इन खेलों का आयोजन कर रहा है। वैसे चीन का इन खेलों में दबदबा काफी समय से रहा है, लेकिन इन खेलों का आयोजन बड़े स्तर पर होता है , ऐसे में बाकि देशों के खिलाड़ियों को भी चीन, जापान, कोरिया जैसी खेल शक्तियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर काफी कुछ सीखने को मिलता है। सिर्फ एशिया नहीं, बल्कि पहली बार इन खेलों में ओशियानिया यानि के देश के खिलाड़ी भी कुछ चुनिंदा खेलों जैसे- बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, फेंसिंग में भाग ले पाएंगे। इन देशों को ये मौका 2024 पेरिस ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए दिया जा रहा है। 2018 में जकार्ता में हुए पिछले एशियाई खेलों में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन कर 16 गोल्ड समेत कुल 70 पदक जीतकर मेडल टैली में आठवां स्थान हासिल किया था और ये भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। ऐसे में भारतीय दल चीन में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश में होगा।

2 ) क्रिकेट -

i) महिला क्रिकेट विश्व कप - न्यूजीलैंड (4 मार्च- 3 अप्रैल 2022)

पिछली बार 2017 में हुए महिला क्रिकेट विश्व कप में भाग लेने वाली टीमों की कप्तान खिलाड़ीं।
पिछली बार 2017 में हुए महिला क्रिकेट विश्व कप में भाग लेने वाली टीमों की कप्तान खिलाड़ीं।

12वें महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप का आयोजन न्यूजीलैंड में होगा। वैसे ये आयोजन पिछले साल यानि 2021 में होना था,लेकिन कोविड के कारण इसे स्थगित किया गया। कुल 8 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी। न्यूजीलैंड बतौर होस्ट पहले ही क्वालिफाय कर चुकी थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, भारत की टीमों को महिला चैंपियनशिप के आधार पर एंट्री मिली है। वहीं बांग्लादेश, पाकिस्तान और वेस्ट इंडीज की टीमें वनडे रैंकिंग के आधार पर टूर्नामेंट में हैं। बांग्लादेश की महिला टीम पहली बार विश्व कप में भाग लेगी। पिछली बार 2017 में हुए विश्व कप फाइनल नें इंग्लैंड ने भारतीय महिला टीम को मात देकर खिताब जीता था। ऐसे में भारतीय टीम दोबारा कम से कम खिताबी मुकाबले में पहुंचना जरूर चाहेगी।

ii) पुरुष टी-20 विश्व कप - ऑस्ट्रेलिया (16 अक्टूबर 2022 से 13 नवंबर 2022)

2021 में पहली बार टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम 2022 में मेजबानी करेगी।
2021 में पहली बार टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम 2022 में मेजबानी करेगी।

ICC टी 20 विश्व कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में किया जाएगा। वैसे टूर्नामेंट का आयोजन 2020 में होना था, लेकिन कोविड के कारण 2020 का टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर 2021 में खेला गया और क्योंकि 2022 में वैसे भी आधिकारिक रूप से टूर्नामेंट होना ही था, तो ऑस्ट्रेलिया को 2022 की मेजबानी दे दी गई। कुछ ही दिन पहले भारतीय टीम 2021 के विश्व कप में खराब प्रदर्शन कर बाहर हो गई। ऐसे में भारतीय फैंस अक्टूबर का इंतजार कर रहे हैं ताकि टीम इंडिया इस टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन कर अपना खोया रुतबा वापिस पा सके।

इसके अलावा 14 जनवरी से 5 फरवरी के बीच ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का आयोजन वेस्ट इंडीज में होना है। वहीं 2021-23 टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबले सिलसिलेवाल तरीके से खेले साल भर खेले जाएंगे।

3) फ़ुटबॉल-

i) AFC महिला एशिया कप - भारत (20 जनवरी 2022 से 6 फरवरी 2022)

भारतीय महिला फुटबॉल टीम 1979 और 1983 में एशिया कप की उपविजेता रही थी। (Representative pic.)
भारतीय महिला फुटबॉल टीम 1979 और 1983 में एशिया कप की उपविजेता रही थी। (Representative pic.)

साल 1979 के बाद दूसरी बार भारत को मौका मिला है महिला फुटबॉल एशिया कप के आयोजन का। इस टूर्नामेंट में इस बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी और मेजबान होने के नाते भारतीय टीम को सीधे एंट्री मिली है। 2014 और 2018 में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली जापानी महिला टीम के अलावा, चीन, ऑस्ट्रेलिया, वियतनाम और दक्षिण कोरिया की मजबूत फुटबॉल टीमें इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगी।यही नहीं इस टूर्नामेंट के जरिए साल 2023 में होने वाले फीफा विश्व कप के लिए एशियाई टीमों को क्वालिफाय करने का मौका भी मिलेगा। नॉक आउट तक जाने वाली 4 टीमों को सीधे विश्व कप में एंट्री मिलेगी, ऐसे में भारतीय महिलाओं के पास बेहतरीन मौका है। फीफा रैंकिंग की बात करें तो AFC यानि एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन के अंदर भारतीय टीम 11वें नंबर पर है।

ii) फुटबॉल विश्व कप - कतर (21 नवंबर 2022 से 18 दिसंबर 2022)

साल का सबसे बड़ा खेल आयोजन फुटबॉल विश्व कप के रूप में कतर में होगा।
साल का सबसे बड़ा खेल आयोजन फुटबॉल विश्व कप के रूप में कतर में होगा।

2022 के अंत की तरफ आते-आते दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ फीफा विश्वकप का आयोजन कतर में किया जाएगा। मौजूदा चैंपियन फ्रांस अपना खिताब बचाने उतरेगी। फिलहाल टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 32 टीमें तय नहीं हुई हैं। अभी तक ब्राजील, जर्मनी, अर्जेंटीना, बेल्जियम, स्पेन समेत कुल 13 टीमों ने क्वालिफाय किया है। दुनिया में फीफा के पास कुल 211 पंजीकृत फुटबॉल असोसिएशन हैं। ऐसे में विश्व कप के लिए क्वालिफाय कर 32 टीमों में शामिल होना ही बड़ी बात है। एडिडास, कोका कोला, वीजा, जैसे बड़े बिजनेस ग्रुप इन खेलों के स्पॉन्सर हैं। स्केल के हिसाब से देखें तो ये 2022 का सबसे बड़ा खेल आयोजन होगा।

4) हॉकी

i) महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट - मस्कट, ओमान (21 जनवरी 2022 से 28 जनवरी 2022)

इसी महीने महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होने वाला है। गत विजेता भारतीय टीम के सामने इस बार 7 और टीमें होंगी।2017 में जापान में हुई प्रतियोगिता में भारत ने फाइनल में चीन को पेनेल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीता था।

ii) महिला हॉकी विश्व कप - स्पेन और नीदरलैंड (1 जुलाई 2022 से 17 जुलाई 2022)

FIH महिला हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन इस साल जुलाई में यूरोप में किया जाएगा। 15वें महिला विश्व कप में कुल 16 टीमें भाग लेंगी। भारत के लिए जनवरी में होने वाला एशिया कप काफी अहम है क्योंकि एशिया कप के जरिए कुल 4 टीमों को विश्व कप में जगह मिलेगी। गत विजेता नीदरलैंड के अलावा स्पेन बेल्जियम, इंग्लैंड, जर्मनी और आयरलैंड फिलहाल क्वालिफाय कर चुके हैं। 2018 में हुए टूर्नामेंट में भारत ने क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई थी, जहां पेनेल्टी शूटआउट में टीम को आयरलैंड ने मात दी थी। आयरलैंड की टीम सभी को चौंकाते हुए पिछले महिला विश्व कप के फाइनल तक पहुंची थी जहां नीदरलैंड ने उसे हराया था।

इन टूर्नामेंट्स के अलावा अन्य कई खेलों के बड़े आयोजन साल भर होने तय हैं। हालांकि सभी खेलप्रेमी यही आशा कर रहे हैं कि कोविड-19 के कारण किसी भी आयोजन पर असर न पड़े।

Quick Links