दिल्ली हाफ मैराथॉन की भारतीय कैटेगरी में फोटो फिनिश के आधार पर जीते अविनाश साबले

कार्तिक कुमा (बाएं) और अविनाश साबले (बीच में) ने एक साथ फिनिश लाइन क्रॉस की।
कार्तिक कुमार (बाएं) और अविनाश साबले (बीच में) ने एक साथ फिनिश लाइन क्रॉस की।

देश की राजधानी दिल्ली में हुई हाफ मैराथन की Indian Elite पुरुष कैटेगरी में बेहद रोमांचक पल देखने को मिला जब ओलंपियन अविनाश साबले और कार्तिक कुमार ने एक साथ 64 मिनट के समय पर फिनिश लाइन को पार किया। दोनों ने एक साथ रेस खत्म की और रेस आयोजकों को यह तय करने में समय लग गया कि पहले स्थान पर कौन रहा। आखिरकार अविनाश साबले को फोटो फिनिश के आधार पर विजयी घोषित किया गया।

अविनाश और कार्तिक, दोनों का ही समय 1 घंटे 4 मिनट का रहा। कार्तिक कुमार को दूसरा स्थान मिला। श्रीनू बुगाथा 1 घंटा 5 मिनट 25 सेकेंड के समय के साथ तीसरे नंबर पर रहे। अविनाश ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेज का सिल्वर मेडल हासिल किया था। ऐसे में दिल्ली हाफ मैराथन में उनके साथ ही रेस खत्म करने वाले कार्तिक कुमार ने देश में धावकों के अच्छे भविष्य के संकेत दिए हैं।

भारतीय महिलाओं के वर्ग में 1:17:53 के समय के साथ संजीवनी जाधव ने पहला स्थान पाया, मोनिका अथारे दूसरे और प्रीति लांबा तीसरे नंबर पर आईं।

मुख्य वर्ग में इथियोपिया का दबदबा

मुख्य रेस में इथियोपिया के चाला रेगासा ने पुरुष दौड़ का खिताब जीता। पुरुष दौड़ में अंत तक मुकाबला काफी कड़ा रहा। 21 किलोमीटर की दौड़ रेगासा ने 1 घंटे 30 सेकेंड के समय के साथ पूरी की। दूसरे स्थान पर कीनिया के फीलिक्स किपकोएच रहे जिन्होनें 1 घंटे 33 सेकेंड का समय लिया और पहले स्थान से महज 3 सेकेंड से चूक गए। तीसरे स्थान पर भी इथियोपिया का कब्जा रहा। इथियोपिया के बोकी डिरिबा ने 1 घंटे 34 सेकेंड के समय के साथ दौड़ पूरी की।

महिला वर्ग में मुख्य रेस जीतने के बाद विजेता चेपताई रो पड़ीं।
महिला वर्ग में मुख्य रेस जीतने के बाद विजेता चेपताई रो पड़ीं।

महिलाओं के वर्ग में कीनिया की आइरीन चेपताई ने बड़ी लीड के साथ 1 घंटा 6 मिनट में दौड़ पूरी की। दूसरे स्थान पर रहीं इथियोपिया की दावित सेयुम ने 1 घंटा 8 मिनट का समय लिया जबकि तीसरे नंबर पर आईं युगांडा की स्टेला चेसांग के नाम 1 घंटा 8 मिनट 11 सेकेंड का समय रहा। दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन साल 2005 से लगातार किया जा रहा है। पहले एयरटेल इसका स्पॉन्सर था लेकिन अब वेदांता ग्रुप द्वारा इसे प्रायोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में मुख्य रेस के अलावा 7 किलोमीटर की दिल्ली ग्रेट रन, 4.3 किलोमीटर की सीनियर सिटीजन रेस और 3.5 किलोमीटकर की व्हीलचेयर दौड़ भी होती है।

App download animated image Get the free App now