एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप : आखिरी दिन भारतीय एथलीटों ने की पदकों की बारिश, तीसरे स्थान पर समाप्त किया अभियान

World Athletics Championships Oregon22 - Day One
भारत की प्रियंका गोस्वामी ने 20 किलोमीटर पैदलचाल में सिल्वर मेडल प्राप्त किया।

भारतीय एथलीटों ने अपनी मेहनत से एशियन एथलेटिक्स चैंपयिनशिप 2023 में भारत को पदक तालिका में तीसरा स्थान दिलाकर अभियान समाप्त किया। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में संपन्न हुई प्रतियोगिता में भारत के नाम कुल 6 गोल्ड, 12 सिल्वर और 9 कांस्य पदकों के साथ 27 पदक जीते। प्रतियोगिता के आखिरी दिन टीम इंडिया को कई पदक प्राप्त हुए।

महिला एथलीटों का जलवा

प्रतियोगिता के आखिरी दिन महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में भारत की आभा खटुआ ने दूसरा स्थान हासिल किया जबकि मनप्रीत कौर को तीसरा स्थान मिला। आभा ने 18.06 मीटर की दूरी तक गोला फेंका जबकि मनप्रीत ने 17 मीटर की दूरी नापते हुए कांस्य पदक पाया। महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत की पारुल चौधरी के नाम सिल्वर मेडल आया।

पारुल ने कुछ दिन पहले ही 3000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किया था। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में 10 किलोमीटर पैदलचाल का सिल्वर मेडल जीतने वाली एथलीट प्रियंका गेस्वामी ने एशियन चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रियंका ने 20 किलोमीटर पैदलचाल में 1 घंटा 34 मिनट का समय लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रीले दौड़ में भारतीय महिला टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। रेजोआना मलिक, ऐश्वर्य मिश्रा, ज्योतिका डांडी और शुभा वेंकटेशन ने 3 मिनट 33 सेकेंड और 73 मिलिसेंकेंड मे दौड़ पूरी की। पहले स्थान पर विएतनाम जबकि दूसरे स्थान पर श्रीलंकाई टीम रही।

रीले दौड़ में सिल्वर

पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में भारत के कृष्ण कुमार चंद मिलिसेकेंड के अंतर से गोल्ड मेडल से चूक गए। कृष्ण कुमार ने 1 मिनट 45 सेकेंड 88 मिलिसेकेंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान पाया जबकि पहले स्थान पर रहे कतर के अबुबकर अबदल्लाह ने 1 मिनट 45 सेकेंड 33 मिलिसेकेंड में दौड़ पूरी कर गोल्ड जीता। पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भारत के गुलवीर सिंह को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। 20 किलोमीटर रेस वॉक में विकास सिंह कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे।

4 गुणा 400 मीटर दौड़ में भारतीय पुरुष टीम दूसरे स्थान पर रही। एमज जेकब, राजेश रमेश, मिजो कुरियन और मुहम्मद वरियाटोझी की चौकड़ी ने 3 मिनट 1 सेकेंड 80 मिलिसेकेंड के समय में दौड़ पूरी की। पहले स्थान पर श्रीलंकाई धावक रहे जबकि कतर को तीसरा स्थान मिला। जेवलिन थ्रो में भारत के मनु प्रकाश को 81.01 मीटर का भाला फेंकने पर सिल्वर मेडल हासिल हुआ।

App download animated image Get the free App now