IPL 2023 के इस पल को लंबे समय तक याद रखा जाएगा...पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने खास मोमेंट का किया जिक्र

सुनील गावस्कर को ऑटोग्राफ देते एम एस धोनी (Photo - IPLT20)
सुनील गावस्कर को ऑटोग्राफ देते एम एस धोनी (Photo - IPLT20)

आईपीएल 2023 (IPL) का समापन हो चुका है और एम एस धोनी (MS Dhoni) की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने एक और ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। सीएसके को एक और सीजन जिताने के बाद एम एस धोनी की काफी तारीफ हो रही है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने भी एम एस धोनी की काफी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सुनील गावस्कर जैसे इतने बड़े दिग्गज ने एम एस धोनी का ऑटोग्राफ मांगा और ये लम्हा लंबे समय तक आईपीएल में याद रखा जाएगा।

एम एस धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल का टाइटल पांचवीं बार अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल 2023 के फाइनल मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। बारिश की वजह से सीएसके को 15 ओवर में 171 रनों का टार्गेट मिला और इसे उन्होंने आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। रविंद्र जडेजा ने आखिरी दो गेंद पर छक्का और चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

सुनील गावस्कर का एम एस धोनी से ऑटोग्राफ लेना काफी बड़ी बात थी - रमीज राजा

सीएसके ने जब चेन्नई में अपना आखिरी लीग मैच खेला तो उसके बाद फैंस को धन्यवाद कहा। इस दौरान सुनील गावस्कर ने जाकर एम एस धोनी से उनका ऑटोग्राफ लिया। रमीज राजा के मुताबिक ये लम्हा काफी शानदार था। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा,

इस आईपीएल को पीले रंग और एम एस धोनी के लिए याद रखा जाएगा। उनकी विनम्रता, एकाग्रता, कप्तानी, कीपिंग और धोनीमेनिया को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। हालांकि हममें से ज्यादातर लोगों के लिए वो लम्हा यादगार रहेगा जब सुनील गावस्कर ने अपने शर्ट पर एम एस धोनी का ऑटोग्राफ मांगा था। एम एस धोनी के लिए इससे बड़ा कॉम्पलीमेंट नहीं हो सकता था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now