FIFA World Cup 2022 : मोरक्को ने पूर्व विश्व नंबर 1 बेल्जियम को हराकर किया बड़ा उलटफेर

विश्व कप में मोरक्को  ने पिछली जीत साल 1998 में दर्ज की थी।
विश्व कप में मोरक्को ने पिछली जीत साल 1998 में दर्ज की थी

अफ्रीकी देश मोरक्को ने कतर में हो रहे फुटबॉल विश्व कप में बड़ा उलटफेर करते हुए पिछली बार तीसरे स्थान पर रही बेल्जियम की टीम को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मोरक्को ने इस बार नॉकआउट दौर में पहुंचने के लिए अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। इस जीत के मायने इसलिए खास हैं क्योंकि बेल्जियम की टीम 5 बार फीफा की विश्व रैंकिंग में नंबर 1 पायदान पर रही है और काफी मजबूत मानी जाती है।

अल-थुमामा स्टेडियम में खेले गए ग्रुप एफ के इस मैच से पहले बेल्जियम के खाते में कनाडा के खिलाफ एक जीत से 3 अंक थे जबकि मोरक्को ने पिछले मैच में पिछली बार की उपविजेता क्रोएशिया को ड्रॉ पर रोका था। बेल्जियम के खिलाफ मैच में मोरक्को ने काफी अच्छा डिफेंस किया और केविन डि ब्रूयने की टीम को गोल के मौके नहीं दिए। मैच के दौरान गेंद का पोजेशन भले ही बेल्जियम के पास ज्यादा रहा हो लेकिन ज्यादा प्रयास मोरक्को ने किए। 73वें मिनट में अब्देलहमिद साबिरी ने गोल दाग मोरक्को का खाता खोला। इसके बाद 90 मिनट का खेल पूरा हुआ और इंजरी टाइम के दूसरे ही मिनट में जकारिया अबुखलाल ने गोल दाग मोरक्को को 2-0 से आगे कर दिया। बेल्जियम के फैंस हैरान थे क्योंकि यहां से टीम की वापसी नामुमकिन लग रही थी। फाइनल सीटी बजते ही मोरक्को के खिलाड़ी और फैंस, दोनों ही जश्न में डूब गए। खास बात ये है कि विश्व कप इतिहास में ये मोरक्को की कुल तीसरी ही जीत है और साल 1998 के बाद अब जाकर टीम कोई मुकाबला विश्व कप में जीती है।

फिलहाल इस जीत के साथ मोरक्को ने ग्रुप एफ में पहला स्थान हासिल कर लिया है। मोरक्को के कुल 4 अंक हैं जबकि बेल्जियम के पास 3 अंक हैं। क्रोएशिया के पास 4 अंक है।

App download animated image Get the free App now