FIFA World Cup 2022 : फर्नान्डिज के गोल पर रोनाल्डो ने किया सेलिब्रेट, फुटबॉल फैंस ने उठाया सवाल

पुर्तगाल के लिए पहला गोल दागने वाले ब्रूनो फर्नान्डिज को रोनाल्डो ने यूं गले लगा लिया।
पुर्तगाल के लिए पहला गोल दागने वाले ब्रूनो फर्नान्डिज को रोनाल्डो ने यूं गले लगा लिया।

कतर में हो रहे फीफा फुटबॉल विश्व कप 2022 के एक अहम मुकाबले में पुर्तगाल ने उरुग्वे पर 2-0 से जीत हासिल की और राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली। लेकिन इस मैच में पुर्तगाल की जीत से ज्यादा चर्चा पहले गोल की हो रही है, इसकी वजह हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो। रोनाल्डो ने इस गोल के होने के तुरंत बाद सेलिब्रेट करना शुरु कर दिया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद उनके साथी ब्रूनो फर्नान्डिज के नाम ये गोल हो गया और इसके बाद ही सोशल मीडिया पर रोनाल्डो की काफी किरकिरी हो रही है।

दरअसल मैच के पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे हाफ में 54वें मिनट में बाईं ओर से ब्रूनो फर्नान्डिज ने गेंद को उरुग्वे के गोल पोस्ट की तरफ मारा, इस दौरान रोनाल्डो गेंद को हेडर के जरिए आगे बढ़ाने के लिए कूदे और गेंद गोल पोस्ट में चली गई। अब गोल जैसे ही हुआ, रोनाल्डो ने तुरंत खुशी से भागकर फर्नान्डिज को गले लगा लिया। फीफा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने पहले गोल रोनाल्डो के नाम कर ट्वीट किया, लेकिन तुरंत बाद फर्नान्डिज को गोल स्कोर करने वाले बताया।

रिप्ले में भी दिख रहा है कि रोनाल्डो से हेडर नहीं हुआ और गेंद फर्नान्डिज के शॉट से ही अंदर गई। लेकिन कुछ फुटबॉल प्रेमी रोनाल्डो पर आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने गोल नहीं करने के बावजूद ऐसे सेलिब्रेट किया जैसे उन्होंने खुद गोल किया हो। यही नहीं, कई लोग उन्हें दूसरों के गोल अपने नाम करवाने वाला तक बोल रहे हैं।

गौर करने वाली बात ये है जीत के बाद जब फर्नान्डिज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड मिला तो उन्होंने भी माना कि सभी को यही लगा था कि गोल रोनाल्डो ने दागा है।

अब इस पूरे विवाद पर रोनाल्डो के फैंस का तर्क है कि रोनाल्डो जब भी खुद गोल दागते हैं तो अपने खास अंदाज SIU में सेलिब्रेट करते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा नहीं किया इसलिए उनपर किसी का गोल अपने नाम करने का आरोप लगाना गलत है।

एक फैन ने ये भी लिखा कि रोनाल्डो टीम के कप्तान हैं और टीम के गोल के लिए वो क्या कोई भी खिलाड़ी ऐसी ही प्रतिक्रिया देगा। यही नहीं, रोनाल्डो के चाहने वाले उनके आलोचकों को याद दिला रहे हैं कि उनके नाम सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल और कुल 800 करियर गोल का रिकॉर्ड है।

ऐसे में इतने बड़े खिलाड़ी को किसी और का गोल अपने नाम करने की कोई जरूरत नहीं है। फिलहाल रोनाल्डो की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

App download animated image Get the free App now