14 साल की नाम्या बनीं विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियन, मनु भाकर को भी हराया

14 साल की नाम्या कपूर विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियन बन गई हैं।
14 साल की नाम्या कपूर विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियन बन गई हैं।

पेरू की राजधानी लीमा में चल रही ISSF विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजी दल का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने सोमवार को हुए मुकाबलों में 2 गोल्ड समेत कुल 3 मेडल जीतकर पदक तालिका में अपनी बढ़त को और मजबूत किया। भारत के लिए 14 साल की नाम्या कपूर ने गोल्ड जीतकर इतिहास रचा । वह भारत की ओर से विश्व जूनियर चैंपियनशिप का गोल्ड जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी हैं। वहीं ऐशवर्य तोमर भी गोल्ड जीतने में कामयाब रहे।

14 साल की नाम्या ले गईं गोल्ड

नाम्या और मनु, दोनों ने भारत को पोडियम फिनिश दी।
नाम्या और मनु, दोनों ने भारत को पोडियम फिनिश दी।

25 मीटर जूनियर महिला पिस्टल के फाइनल में भारत की नाम्या कपूर ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 36 अंको के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 40 शॉट के बाद एक समय फ्रांस की कैमील पहले नंबर पर थी, जबकि नाम्या दूसरे और मनु तीसरे नंबर पर थीं। लेकिन 14 साल की इस खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाया और अगले 10 में से 7 सही शॉट निशाने पर लगाते हुए गोल्ड अपने नाम कर लिया। कैमील को सिल्वर मिला तो मनु भाकर को को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। मनु भाकर का इस टूर्नामेंट में ये कुल चौथा पदक है। इससे पहले वो 3 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

ऐश्वर्य का कमाल

ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

पुरुषों 50 मीटर रायफल 3 पोजिशन के फाइल में ऐश्वर्य तोमर ने नया जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। 20 साल के ऐशवर्य इससे पहले दिल्ली में हुए विश्व कप में भी गोल्ड जीत चुके हैं। ऐश्वर्य ने कुल 463.4 का स्कोर बनाते हुए जूनियर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। ऐश्वर्य टोक्यो ओलंपिक में भी भारत की ओर से खेल चुके हैं।

भारत की बढ़त बरकरार

दो दिन पहले भारत ने विश्व जूनियर चैंपियनशिप की पदक तालिका में अमेरिका को पीछे करते हुए पहला स्थान हासिल किया था। इन 3 पदकों के बाद भारत की बढ़त और मजबूत हुई है। भारत के पास 8 गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज समेत कुल 17 पदक हैं, जबकि अमेरिका के पास 4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज हैं, और 12 पदकों के साथ वो दूसरे नबंर पर है। इटली 2 गोल्ड के साथ तीसरे नंबर पर है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now