यूएस ओपन : स्वियातेक या जेबूर, कौन जीतेगा महिला सिंगल्स का खिताब?

जेबूर (बाएं) और स्वियातेक के बीच आज तक हुए 4 मैचों में दोनों ने ही 2-2 मुकाबले जीते हैं।
जेबूर (बाएं) और स्वियातेक के बीच आज तक हुए 4 मैचों में दोनों ने ही 2-2 मुकाबले जीते हैं।

यूएस ओपन के महिला सिंगल्स फाइनल में शनिवार को देर रात विश्व नंबर 1 पोलैंड की ईगा स्वियातेक और विश्व नंबर 5 ट्यूनिशिया की ओंस जेबूर का आमना-सामना होगा। दोनों ही खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं और दमदार खेल दिखा रही हैं, ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि ये महिला सिंगल्स का फाइनल रोमांचक होगा।

21 साल की ईगा के लिए साल का पहला हाफ बेहद शानदार रहा। सबसे पहले वो ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची और इसके बाद कतर ओपन, इंडियन वेल्स, मियामी ओपन और इटालियन ओपन के रूप में लगातार चार WTA 1000 टूर्नामेंट जीतने के साथ ही विश्व नंबर 1 बनीं। इटालियन ओपन के फाइनल में ईगा ने जेबूर को हराकर ही खिताब जीता था। ईगा ने इसके बाद फ्रेंच ओपन का खिताब जीता।

इस साल विम्ब्लडन में उन्होंने तीसरे राउंड में पहुंचकर लगातार 37 सिंगल्स मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया और जो इस सदी में यानी साल 2000 के बाद किसी भी महिला खिलाड़ी की सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक है। विम्बल्डन के तीसरे दौर में हारने के बाद ईगा का प्रदर्शन अचानक से गिरना शुरु हुआ और वो लगातार तीन प्रतियोगिताओं में क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई हैं।

अब यूएस ओपन के फाइनल में ईगा के पास खिताब जीतकर अपनी झोली में कुल तीसरा सिंगल्स ग्रैंड स्लैम डालने का मौका है। ईगा अगर खिताब हासिल करती हैं तो ऐसा करने वाली पोलैंड की पहली खिलाड़ी भी होंगी।

जबर्दस्त फॉर्म में जेबूर

28 साल की जेबूर का ये करियर का दूसरा पड़ाव कहा जा सकता है और पिछले तीन सालों में उनके खेल का स्तर लगातार बढ़ता रहा है। साल 2019 में क्रेमलिन कप के रूप में जेबूर पहली बार किसी WTA इवेंट के फाइनल में पहुंची थीं। साल 2021 में जेबूर ने करियर का पहला WTA खिताब जीता। साल 2022 जेबूर के करियर का सबसे बेहतरीन साल रहा है। इस साल जेबूर ने मेड्रिड ओपन के रूप में अपने करियर का पहला WTA 1000 खिताब जीता।

जेबूर इस साल विम्बलडन की फाइनलिस्ट बनीं, और उपविजेता रहीं। अरब देशों और अफ्रीकी देशों के इतिहास में जेबूर सबसे सफल महिला खिलाड़ी हैं। 2022 से पहले जेबूर कभी किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंची थीं और अब दूसरे फाइनल में खेलेंगी।

स्वियातेक और जेबूर के बीच आज तक कुल 4 बार मुकाबले हुए हैं औऱ दोनों ने 2-2 मैच जीते हैं। जेबूर की सर्विस दमदार है तो स्वियातेक का रिटर्न रेट गजब का है। स्वियातेक ने इस यूएस ओपन में अनफोर्स्ड एरर काफी किए हैं, और उन्हें इससे पार पाना होगा। लेकिन डिफेंस के मामले में ये खिलाड़ी जेबूर को मात दे सकती है।

App download animated image Get the free App now