WWE SmackDown: 2 कारणों से रोमन रेंस को फिन बैलर पर जीत मिलनी चाहिए और 2 क्यों बैलर को नया यूनिवर्सल चैंपियन बनना चाहिए

WWE SmackDown में रोमन रेंस और फिन बैलर का मैच होगा
WWE SmackDown में रोमन रेंस और फिन बैलर का मैच होगा

WWE स्मैकडाउन (SmackDown) के अगले एपिसोड में रोमन रेंस (Roman Reigns) और फिन बैलर (Finn Balor) के बीच यूनिवर्सल चैंपियनशिप के लिए मैच देखने को मिलेगा। रोमन रेंस ने समरस्लैम (SummerSlam) 2021 में जॉन सीना (John Cena) को हराया था। SmackDown के एपिसोड में वो अपने भाइयों और पॉल हेमन (Paul Heyman) के साथ जीत को सेलिब्रेट कर रहे थे। इस सैगमेंट के बीच फिन बैलर की एंट्री हुई।

उन्होंने आकर रोमन रेंस को SmackDown के अगले एपिसोड में यूनिवर्सल टाइटल के लिए चैलेंज किया। इसके बाद उन्होंने रेंस पर हमला किया लेकिन द उसोज़ उनपर भारी पड़े। हालांकि, स्ट्रीट प्रॉफ़िट्स ने आकर बैलर की मदद की। अब SmackDown के अगले एपिसोड के लिए बड़े मैच का ऐलान देखने को मिल चुका है।

इस मैच का नतीजा किसी भी ओर जा सकता है। कुछ ऐसे कारण हैं जिनकी वजह से लगता है कि फिन बैलर को जीत मिलनी चाहिए। इसके अलावा कुछ कारणों से रोमन रेंस को फिन बैलर को हराकर टाइटल रिटेन करना चाहिए। इसलिए इस आर्टिकल में हम 2 कारणों के बारे में बात करेंगे जिनकी वजह से रोमन को SmackDown के एपिसोड में फिन पर जीत मिलनी चाहिए और 2 क्यों बैलर को नया चैंपियन बन जाना चाहिए।

2- WWE SmackDown में फिन बैलर को जीत मिलनी चाहिए: रोमन रेंस vs ब्रॉक लैसनर के मैच को नॉन-टाइटल बनाने के लिए

रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर के बीच भविष्य के लिए मैच टीज़ किया जा चुका है। रोमन और ब्रॉक को अपने मैच को धमाकेदार या आकर्षक बनाने के लिए यूनिवर्सल टाइटल की जरूरत नहीं है। ऐसे में अगर फिन बैलर चैंपियन बन जाएंगे तो WWE उनकी दुश्मनी किसी अन्य सुपरस्टार के साथ शुरू कर सकता है।

रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर इसके बाद Crown Jewel के दौरान एक सिंगल्स मैच में आमने-सामने आ सकते हैं। दूसरी ओर फिन बैलर किसी SmackDown सुपरस्टार के साथ चैंपियनशिप की स्टोरीलाइन शुरू कर सकते हैं। WWE के पास एक विकल्प बढ़ जाएगा। लैसनर के साथ दुश्मनी खत्म करने के बाद रेंस एक बार फिर चैंपियन बनने की कोशिश कर सकते हैं।

2- रोमन रेंस को जीत मिलनी चाहिए: टाइटल रन को लंबा करने के लिए

रोमन रेंस को चैंपियन बने हुए लगभग एक साल हो गया है। उन्होंने बतौर चैंपियन जबरदस्त काम किया है और उनका यह टाइटल रन सभी को पसंद आया है। अमूमन अगर कोई सुपरस्टार इतने समय तक चैंपियन रहता है तो फैंस बोर हो जाते हैं। हालांकि, रेंस के साथ यह दिक्कत नहीं रही है।

रोमन रेंस के टाइटल रन को WWE ने लंबा करने की कोशिश की है। इसी वजह से उन्हें कई सारे दिग्गजों पर जीत मिली है। WWE उनके चैंपियनशिप रन को और लंबा करने का निर्णय ले सकता है। इसी वजह से रोमन रेंस को जीत मिल सकती है और वो अपने यूनिवर्सल टाइटल को रिटेन कर सकते हैं।

1- फिन बैलर को जीत मिलनी चाहिए: 2021 का सबसे बड़ा सरप्राइज देने के लिए

रोमन रेंस और फिन बैलर के बीच मैच के लिए हर कोई उत्साहित है। दोनों ही सुपरस्टार्स अच्छे मैच देने के लिए जाने जाते हैं और ऐसे में रेसलिंग के हिसाब से उनका यह मैच जरूर ही रोचक रहेगा। हालांकि, ज्यादा संभावनाएं हैं कि रोमन रेंस को बैलर पर जीत मिलेगी और वो अपने टाइटल को रिटेन कर लेंगे।

इसके बावजूद WWE अपने फैंस को 2021 का सबसे बड़ा सरप्राइज दे सकता है। फिन बैलर अगर द ट्राइबल चीफ को हरा देंगे तो यह सरप्राइज होगा। कोई भी उम्मीद नहीं करेगा कि SmackDown में टाइटल चेंज होगा। WWE 2021 में सबसे बड़ा सरप्राइज देने के लिए यह निर्णय ले सकता है।

1- रोमन रेंस को जीत मिलनी चाहिए: SmackDown टाइटल चेंज के लिए सही विकल्प नहीं रहेगा

WWE ने रोमन रेंस के टाइटल रन को जबरदस्त बनाया है और अगर इसका अंत SmackDown के एपिसोड में होगा तो यह निराशाजनक चीज़ होगी। इसके बजाय WWE एक बड़ा निर्णय ले सकता है। SmackDown के अगले एपिसोड में रोमन रेंस किसी तरह से जीत दर्ज करते हुए बैलर के साथ दुश्मनी जारी रख सकते हैं।

अगर WWE ने टाइटल चेंज प्लान कर ही लिया है तो फिर Extreme Rules पीपीवी एक धमाकेदार विकल्प रहेगा। इसी वजह से रोमन रेंस को SmackDown के इस एपिसोड में जीत मिलनी चाहिए। यहां टाइटल चेंज बुक करके WWE को बड़ी गलती नहीं करनी चाहिए।

Quick Links

App download animated image Get the free App now