हिमा दास ने पोलैंड में एक हफ्ते के अंदर दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया

Ankit
हिमा दास
हिमा दास

भारतीय स्टार धाविका हिमा दास ने पोलैंड में कुटनो एथलेटिक्स मीट में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने यह पदक महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में अपने नाम किया है। फर्राटा धाविका ने एक हफ्ते के अंदर दूसरा स्वर्ण पदक जीता है। इनके अलावा वीके विस्मया ने रजत पदक जीता।

हिमा दास पिछले कुछ महीनों से पीठ की समस्या से जूझ रही हैं, लेकिन उन्होंने 23.77 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया है, जबकि वीके विस्मया ने 24.06 में रजत हासिल किया।

इससे पहले पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में जीता था गोल्ड

इससे पहले हिमा ने मंगलवार को पोलैंड में ही पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में भी गोल्ड मेडल जीता था। पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में हिमा ने पहली बार 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया था। उन्होंने 23.65 सेकंड में उस दौड़ को अपने नाम किया था।

मोहम्मद अनस ने भी जीता स्वर्ण पदक

दूसरी तरफ राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक मोहम्मद अनस ने भी 21.18 सेकंड के समय के साथ पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीता है। एमपी जुबीर ने 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत और जितिन पाल ने कांस्य जीता। जुबीर ने 50.21 और जितिन ने 52.26 सेकंड का समय लिया। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भारत की पी सरिताबेन ने स्वर्ण, सोनिया बैस्या ने रजत और आर विद्या ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

200 मीटर दौड़ में 23.10 सेकंड है पर्सनल बेस्ट

गौरतलब है कि हिमा मौजूदा विश्व जूनियर चैम्पियन और 400 मीटर स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकार्डधारी है। दूसरी तरफ दो सौ मीटर में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.10 सेकंड है जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था।

चावलों के खेत से निकला है यह सोना

चार सौ मीटर दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी हिमा एक किसान परिवार से सम्बंध रखती हैं। उनके पिता चावल की खेती करते हैं। वह असम के ढींग से सम्बंध रखती हैं इसीलिए उन्हें 'ढींग एक्सप्रेस' के नाम से भी जाना जाता है।

Edited by निशांत द्रविड़