साल 2025 में टोक्यो करेगा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स की मेजबानी

टोक्यो ओलंपिक स्टेडियम जहां विश्व चैंपियनशिप्स का आयोजन 2025 में होगा।
टोक्यो ओलंपिक स्टेडियम जहां विश्व चैंपियनशिप्स का आयोजन 2025 में होगा।

जापान की राजधानी टोक्यो में साल 2025 में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स का आयोजन किया जाएगा। पिछले ही साल सफलता से ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने वाले टोक्यो शहर को हर दो साल में होने वाली एथलेटिक्स की सबसे बड़ी प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। इसके साथ ही जापान तीसरी बार इस प्रतियोगिता का आयोजन करने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा।

विश्व एथलेटिक्स काउंसिल ने मोनेको, मोंटे कार्लो में हुई बैठक में ये ऐलान किया। ये इस प्रतियोगता का 20वां संस्करण होगा। 18वां संस्करण इसी साल 15 जुलाई से अमेरिका में ओरेगेन में हो रहा है जबकि साल 2023 में 19वां संस्करण हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित होगा। जापान को नाइरॉबी (कीनिया), सिलिसिया (पोलैंड) और सिंगापुर से मेजबानी के लिए टक्कर मिली लेकिन आखिरकार टोक्यो को चुना गया।

खास बात ये है कि टोक्यो में साल 1991 में भी इस प्रतियोगिता का आयोजन हो चुका है और 2025 में टोक्यो शहर इस प्रतियोगिता की मेजबानी करने वाला पहला शहर बन जाएगा। जापान ने साल 2007 में अपने शहर ओसाका में भी विश्व चैंपियनसिप्स की मेजबानी की थी।

इस प्रतियोगिता का आयोजन टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम में किया जाएगा जहां अगस्त 2021 में ओलंपिक खेलों का आयोजन हुआ था। 2025 में जापान के एथलेटिक्स फेडरेशन के 100 साल भी पूरे हो रहे हैं और ऐसे में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स का आयोजन 100 सालों के एथलेटिक फेडरेशन के सफर को और भी यादगार बना देगा। जापान ने पिछले साल ओलंपिक खेलों के आयोजन में बेहद शानदार काम किया था, लेकिन कोविड प्रतिबंधों के कारण खेलों में दर्शक स्टेडियम के अंदर नहीं आ पाए। अब जापानी आयोजक और फैंस भी उम्मीद कर रहे हैं कि 3 साल बाद विश्व चैंपियनशिप्स के आयोजन के दौरान फैंस को खेलों का लुत्फ स्टेडियम में उठाने का मौका मिले।

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment