विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स : पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में अमेरिका का दबदबा, तीनों मेडल जीते

400 मीटर के धावक रहे फ्रेड कर्ली ने 100 मीटर दौड़ का गोल्ड जीता।
400 मीटर के धावक रहे फ्रेड कर्ली ने 100 मीटर दौड़ का गोल्ड जीता।

अमेरिका के फ्रेड कर्ली दुनिया के सबसे तेज दौड़ने वाले इंसान बन गए हैं। फ्रेड ने अपने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स की पुरुष 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का गोल्ड जीतकर ये कारनामा किया है। टोक्यो ओलंपिक में इसी स्पर्धा का सिल्वर जीतने वाले 27 साल के कर्ली ने 9.86 सेकेंड्स में दौड़ पूरी की।

रेस का सिल्वर जीतने वाले ब्रेसी ने जीत के बाद गोल्ड विजेता कर्ली को गले लगा लिया।
रेस का सिल्वर जीतने वाले ब्रेसी ने जीत के बाद गोल्ड विजेता कर्ली को गले लगा लिया।

विश्व चैंपियनशिप्स में 100 मीटर दौड़ का सिल्वर मेडल अमेरिका के ही मार्विन ब्रेसी को मिला जिन्होंने 9.88 सेकेंड्स में दौड़ खत्म की जबकि इन्हीं के हमवतन ट्रेवोन ब्रॉमेल को ब्रॉन्ज मिला। खास बात ये है कि ब्रॉमेल ने भी 9.88 सेकेंड का समय लिया लेकिन उनका रिएक्शन टाइम दूसरे स्थान पर आए ब्रेसी से कम था।

स्पर्धा के तीनों पदक अमेरिका के नाम रहे और इस तरह साल 1991 के बाद पहली बार किसी देश ने एक ही स्पर्धा में तीनों पदक जीते हैं। तब भी अमेरिका ने ही ये रिकॉर्ड 100 मीटर दौड़ में बनाया था। जबकि उससे पहले ऐसा साल 1983 में पहली विश्व चैंपियनशिप्स में हुआ था और उस साल भी 100 मीटर दौड़ में अमेरिकी धावकों ने तीनों पदक हासिल किए थे।

खास बात ये है कि गोल्ड जीतने वाले कर्ली दो साल पहले तक 400 मीटर की दौड़ में भाग लेते थे और 2019 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप्स में 400 मीटर का ब्रॉन्ज जीता था। पिछले साल ही उन्होंने 100 मीटर फर्राटा दौड़ में भाग लेना शुरु किया। कर्ली की क्षमता इसी बात से साफ होती है कि पिछले ही साल फर्राटा धावक बनने के बाद उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। साल 2019 की विश्व चैंपियनशिप्स में 4 गुणा 400 मीटर रीले में गोल्ड जीतने वाली अमेरिकी टीम का हिस्सा कर्ली रह चुके हैं।

टोक्यो ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ के गोल्ड मेडल विजेता रहे इटली के मार्सेल जेकब्स ने प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ के सेमिफाइनल से ठीक पहले चोट के कारण हटने का फैसला किया, और इसका फायदा भी अमेरिकी धावकों को मिला। 100 मीटर फर्राटा दौड़ में विश्व रिकॉर्ड 9.58 सेकेंड्स का है जो जेमैका के उसेन बोल्ट के नाम है। बोल्ट ने ये रिकॉर्ड 2009 की विश्व चैंपियनशिप्स में बनाया था।