All England Open 2018: महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में अकाने यामागुची ने पीवी सिन्धु को हराया

ऑल इंग्लैंड ओपन, 2018 के सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की अकाने यामागुची ने भारत की पीवी सिन्धु को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। एक घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में अकाने यामागुची ने पीवी सिन्धु को 19-21, 21-19 और 21-18 से हराया। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में सिन्धु भारत की तरफ से आखिरी उम्मीद थी, लेकिन बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम में सिन्धु ने जबरदस्त शुरुआत की और 21-19 से जीत दर्ज की। इंटरवल तक सिन्धु ने 11-5 की बढ़त ले ली थी। दूसरे गेम में जापानी खिलाड़ी ने बेहतरीन वापसी की और सिन्धु को 21-19 से हराया। इस गेम में मुकाबला काफी करीबी था, लेकिन इंटरवल में 11-9 से आगे रहने वाली यामागुची ने दो अंकों के अंतर से ही गेम पर कब्ज़ा किया। तीसरे गेम में पीवी सिन्धु ने बढ़िया शुरुआत की और इंटरवल तक 11-7 की बढ़त ले ली थी, लेकिन अकाने यामागुची ने शानदार वापसी करते हुए इंटरवल के कुछ देर बाद स्कोर 14-14 कर दिया। यहाँ से मुकाबला रोमांचक होने लगा और एक समय स्कोर 18-18 तक पहुंच गया था। हालाँकि इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने पीवी सिन्धु को मौका नहीं दिया और लगातार तीन अंक लेकर तीसरा गेम और मुकाबला, दोनों अपने नाम कर लिया। महिला सिंगल्स के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची का सामना विश्व की नंबर एक खिलाड़ी चीनी ताइपेइ की ताई जू यिंग से होगा। पुरीष सिंगल्स के फाइनल में चीन के लिन डैन का सामना चीन के ही शी यूकी से होगा। पुरुष डबल्स के फाइनल में इंडोनेशिया के मार्कस फर्नाल्डी गिडियोन और केविन संजया सुकमुल्जो की जोड़ी का सामना डेनमार्क के माथियास बो और कार्स्टन मोग्नेसेन से होगा। महिला डबल्स के फाइनल में जापान की युकी फुकुशिमा और सयाका हिरोटो की जोड़ी का सामना डेनमार्क की कमिला रायटर जुल और क्रिस्टीना पेडरसन की जोड़ी से होगा। मिक्स्ड डबल्स में चीन के झेंग सिवेई और हुआंग याकियोंग की जोड़ी का सामना जापान के युता वातानाबे और अरिसा हिगाशिनो की जोड़ी से होगा।