3 प्रमुख कारणों से एमएस धोनी को अब अगला IPL नहीं खेलना चाहिए 

आईपीएल 2021 जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ एमएस धोनी
आईपीएल 2021 जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का कप्तानी कार्यकाल बड़ा ही शानदार रहा है। धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट हो या आईपीएल (IPL) या कोई और क्रिकेट लीग, हर जगह पर अपनी कप्तानी का जबरदस्त जादू दिखाया है। धोनी की कप्तानी का मैजिक पूरा क्रिकेट जगत मानता है। हर कोई इस दिग्गज कप्तान का प्रशंसक है। धोनी जिस तरह अहम मौकों पर भी चीजों को साधारण रखते हुए नतीजे प्राप्त करते हैं, वह सराहनीय है। ऐसा ही कुछ धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में अपनी टीमों के लिए किया है।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में एक और बार आईपीएल ख़िताब शामिल हो गया, जब शुक्रवार को दुबई में खेले गए आईपीएल 2021 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रन से हराते हुए जीत हासिल की। सीजन समाप्त हो चुका है और बारी मेगा ऑक्शन और अगले सीजन की है। धोनी के भी अगले आईपीएल में खेलने को लेकर संशय बरक़रार है लेकिन इस आर्टिकल में हम उन 3 प्रमुख कारणों का उल्लेख करने जा रहे हैं, जिनकी वजह से धोनी को अगले सीजन नहीं खेलना चाहिए।

3 प्रमुख कारणों से एमएस धोनी को अब अगला IPL नहीं खेलना चाहिए

#3 बल्ले के साथ खराब प्रदर्शन

पंजाब किंग्स के खिलाफ बिश्नोई ने धोनी को बोल्ड कर दिया था
पंजाब किंग्स के खिलाफ बिश्नोई ने धोनी को बोल्ड कर दिया था

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में एक बेहतरीन फिनिशर के रूप में अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं। उन्होंने इस लीग में कई मैच अकेले दम पर फिनिश किए हैं। लेकिन अब उनका बल्ला पूरी तरह से जवाब देता नजर आ रहा है। पिछले साल बल्लेबाजी में नाकाम रहने के बाद धोनी का बल्ला इस सीजन भी खामोश ही रहा। उन्होंने इस सीजन में 16 मैचों में 16.28 की औसत और 107 से भी कम की स्ट्राइक रेट से 114 रन बनाये। इससे साफ़ संकेत मिलता है कि उनका फॉर्म अब साथ नहीं दे रहा है। ऐसे में उन्हें अगले सीजन में नहीं खेलना चाहिए।

#2 सीएसके को एक नए कप्तान को तैयार करने की जरूरत है

एमएस धोनी शुरू से ही सीएसके के कप्तान रहे हैं
एमएस धोनी शुरू से ही सीएसके के कप्तान रहे हैं

इसमें कई दो राय नहीं है कि महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हमेशा महान कप्तान के रूप में जाने जाएंगे। धोनी ने इस टीम को अपनी कप्तानी में 9 बार फाइनल में पहुंचाया तो इसमें से 4 बार खिताब पर कब्जा करवाया है। लेकिन अब धोनी 40 साल के हो चुके हैं। इस उम्र में वो ज्यादा से ज्यादा अगला आईपीएल खेल सकते हैं। लेकिन सीएसके चाहेगा कि अब धोनी का जो भी रिप्लेसमेंट हो उसे ज्यादा से ज्यादा समय मिले, जिससे वो अपने आपको कप्तान के रूप में सेट करते हुए सीएसके को कामयाबी दिलाए। धोनी के विकल्प को तैयार करना आसान नहीं रहने वाला है, इसलिए टीम को समय देने के लिए धोनी को अगले सीजन नहीं खेलना चाहिए।

#1 ट्रॉफी के साथ आईपीएल करियर की समाप्ति

एमएस धोनी
एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी केवल एक कप्तान या केवल एक नाम ही नहीं बल्कि ये फैंस के दिलों में बसते हैं। फैंस ने इन्हें शुरुआत से ही अपनी कप्तानी में सफलता हासिल करते हुए देखा है। तभी तो धोनी ने आज तक के इतिहास में कई ट्रॉफियां अपने नाम की है। आईपीएल की बात करें तो धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को कुल चार खिताब दिलाया है, जिसमें इस सीजन की खिताबी जीत भी शामिल है। अब धोनी की टीम अगले सीजन चैंपियन बनेगी ये निश्चित नहीं है। ऐसे में वो अपने इस विजेता टैग के साथ आईपीएल के करियर को समाप्त करने का एक विकल्प है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now