IPL 2025 के लिए इन 3 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है मुंबई इंडियंस, रोहित शर्मा का कट सकता है पत्ता

इन खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है मुंबई इंडियंस (Photo Credit - IPLT20)
इन खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है मुंबई इंडियंस (Photo Credit - IPLT20)

3 Players Mumbai Indians could Retain : आईपीएल 2024 के दौरान मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की अगुवाई में टीम ने काफी खराब खेल दिखाया और निचले पायदान पर रही। मुंबई की टीम 14 में से सिर्फ 4 ही मैच जीत पाई और 10 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

मुंबई इंडियंस के इस खराब सीजन के बाद कई सारे प्लेयर्स को रिलीज किया जा सकता है और केवल कुछ ही खिलाड़ी होंगे जिन्हें रिटेन किया जाएगा। हालांकि रिटेन किए जाने वाले प्लेयर्स की कैटेगरी में शायद रोहित शर्मा का नाम ना हो। उन्हें जिस तरह से कप्तानी से हटाया गया और उनका जो ऑडियो वायरल हुआ था, इससे यही कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस रिटेन नहीं करेगी।

हम आपको बताते हैं कि वो तीन खिलाड़ी कौन-कौन से हो सकते हैं, जिन्हें मुंबई इंडियंस की टीम अगले सीजन के लिए रिटेन कर सकी है।

1.हार्दिक पांड्या

मुंबई इंडियंस अपने कप्तान हार्दिक पांड्या को सबसे पहले रिटेन करना चाहेगी। भले ही उनकी अगुवाई में टीम का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में काफी खराब रहा लेकिन इसके बावजूद फ्रेंचाइजी उन्हें लंबा मौका देना चाहेगी। जब हार्दिक को कप्तान बनाया गया था, तो इसके पीछे यही तर्क था कि फ्यूचर को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। ऐसे में सिर्फ एक सीजन के खराब परफॉर्मेंस के बाद ऐसा लगता नहीं है कि हार्दिक को कप्तानी से हटाकर टीम से ही रिलीज कर दिया जाएगा।

2.जसप्रीत बुमराह

मुंबई इंडियंस की टीम जसप्रीत बुमराह को भी बिल्कुल रिलीज नहीं करने वाली है। वो ना केवल मुंबई इंडियंस बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। वो आईपीएल 2024 में अपनी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे। उन्होंने 13 मैचों में 20 विकेट लिए और इसी वजह से टीम उनको भी रिटेन करने वाली है।

3.सूर्यकुमार यादव

मिस्टर 360 डिग्री सूर्यकुमार यादव को भी मुंबई इंडियंस की टीम रिटेन कर सकती है। उन्होंने आईपीएल 2024 के दौरान 11 मैचों में 345 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव मिडिल ऑर्डर की धुरी हैं और अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। इसी वजह से टीम उन्हें बिल्कुल भी रिलीज नहीं करने वाली है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now