टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम का अगला पड़ाव 3 मैचों की वनडे श्रृंखला का है,जिसकी शुरुआत 12 जनवरी से सिडनी के मैदान से होगी। इस वनडे श्रृंखला में भाग लेने के लिए कई और भारतीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं। जिसमे विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और शिखर धवन जैसे नाम प्रमुख हैं।
टेस्ट की तरह इस वनडे श्रृंखला में भी भारतीय टीम के खिलाड़ियों के पास कई रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा, जिसमें कप्तान विराट कोहली अपने नाम सर्वाधिक 2 रिकॉर्ड जोड़ सकते हैं। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और शिखर धवन भी अपनी झोली में एक-एक रिकॉर्ड भर सकते हैं।
ये तीनों भारतीय खिलाड़ी वर्तमान टीम में अहम भूमिका निभाते हैं। तो चलिए तीनों के रिकॉर्ड पर विस्तार से नज़र डालते हैं।
#1. शीर्ष 10 बल्लेबाज़ों में शामिल हो सकते हैं विराट
भारतीय कप्तान विराट कोहली अब तक 10232 रन बनाकर वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में 12वें स्थान पर हैं। 174 रन और बनाते ही विराट शीर्ष 10 में शामिल हो जायेंगे। सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष 10 खिलाड़ियों में से 7 बल्लेबाज़ एशियाई हैं और इन 7 में से 3 भारतीय हैं जिसमें 18426 रनों के साथ महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं।
विराट ने साल 2018 में वनडे क्रिकेट में 14 पारियों में 1202 रन बनाये थे और वे पिछले साल 1200 का आंकड़ा छूने वाले इकलौते बल्लेबाज़ थे। सबसे बड़ी हैरानी की बात ये थी कि उन्होंने इसमें से ज्यादातर रन भारत के बाहर बनाये थे। विराट की इसी शानदार फॉर्म को देखते हुए लगता हैं वे इस रिकॉर्ड को आसानी से तोड़ देंगे।
#2. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले टॉप-3 में शामिल हो सकते हैं विराट
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 63 शतकों के साथ विराट अभी श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। एक और शतक बनाते ही विराट कुमार संगकारा को पीछे छोड़ देंगे।
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उनका ये रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं है, लेकिन जिस तरह विराट शतक पर शतक ठोक रहे हैं, उसे देखकर यही लगता है कि वे इस रिकॉर्ड को आने वाले वर्षो में तोड़ देंगे। दोनों के बीच 37 शतकों का फासला और है।